सहारनपुर

सहारनपुर में फैक्ट्री का बॉयलर फटा, दो मजदूरों की मौत पांच घायल

UP News : आशंका जताई जा रही है कि बॉयलर फटने के बाद फैक्ट्री में गैस रिसाव होने लगा जिससे मजदूरों का दम घुट गया और मौत हो गई।
2 min read
Saharanpur
फैक्ट्री में जाते दमकलकर्मी

UP News : सहारनपुर के शेखपुरा कदीम में टायरों से तेल निकालने वाली एक फैक्ट्री में रविवार देर शाम बॉयलर फट गया। तेज धमाके के साथ यह घटना हुई और गैस रिसाव होने लगा। फैक्ट्री के अंदर मौजूद दो मजदूरों की मौत हो गई जबकि पांच घायल हैं। सभी घायलों को अस्पताल भर्ती कराया गया है जबकि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए गए हैं। घटना कैसे हुई इसकी जांच की जा रही है।

वेल्डिंग के दौरन लगी आग!

प्राथमिक पड़ताल और पूछताछ में पता चला है कि बॉयलर के पाइप के बीच दो मजदूर वेल्डिंग कर रहे थे। अचानक बॉयलर फट गया और आग लग गई। इसके बाद गैस रिसाव होने लगा। माना जा रहा है कि घायल मजदूर बाहर नहीं आ पाए और दम घुटने से दोनों की मौत हो गई। मरने वालों मजदूरों में एक कलियर का रहने वाला है और दूसरा मुजफ्फरनगर के गांव मसावी का रहने वाला है। अभी तक यह सिर्फ आशंका जताई जा रही है कि दम घुटने से मौत हुई होगी। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

फैक्ट्री मालिक भी झुलसा ( UP News )

देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव शेखपुरा कदीम के पास पिछले सप्ताह ही टायरों से तेल निकालने वाली एक फैक्ट्री का उद्घाटन हुआ था। फैक्ट्री के मालिक का नाम बृजेश प्रजापति है। घायल मजदूरों को देवबंद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दुर्घटना में मारा गया 27 वर्षीय शोएब कलियर का रहने वाला था जबकि 50 वर्षीय कल्लू मुजफ्फरनगर से आकर इस फैक्ट्री में काम कर रहा था। इनके अलावा फैक्ट्री मालिक बृजेश प्रजापति समेत मजदूर सुहैल, विशाल और जितेंद्र घायल भी घायल हुए हैं।

घटना की जांच में जुटी टीमें

दुर्घटना कैसे हुई इसका पता नहीं चल सका है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। एक टीम का गठन किया गया है जो यह पता लगाएगी कि आखिर कैसे दुर्घटना हुई। फिलहाल सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। देर शाम को मृतकों के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए थे। इनके परिजनों में कोहराम मचा हुआ था।

Updated on:
27 Oct 2025 07:41 am
Published on:
27 Oct 2025 07:40 am