सहारनपुर

रिटायर्ड बुजुर्ग फौजी की मदद कर रहे यूपी पुलिस के जवान को ट्रैक्टर ने कुचला, मौत

सिपाही की मौत की खबर से सहारनपुर पुलिस महकमे में शौक की लहर, एसएसपी-एसपी ने मौत पर जताया दुख

2 min read
Jun 01, 2018
Saharanpur
रिटायर्ड बुजुर्ग फौजी की मदद कर रहे यूपी पुलिस के जवान को ट्रैक्टर ने कुचला, मौत

सहारनपुर. देहरादून हाईवे पर राकेश केमिकल चौकी पर निगरानी कर रहे सिपाही की आधी रात को ट्रैक्टर और ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जाता है की सिपाही रिटायर्ड फौजी की मदद के लिए हाईवे पर खड़ा था और सहारनपुर की ओर जाने वाले किसी वाहन को रुकवाने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान सिपाही ने एक ट्रक को रुकवा लिया। सिपाही ट्रक चालक को यह बता ही रहा था कि यह रिटायर्ड फौजी हैं इन्हें घंटाघर तक अपने ट्रक में बिठा लीजिए। इसी दौरान सामने से आए एक ओवरलोड ट्रैक्टर ने सिपाही को अपनी चपेट में ले लिया।

इस दुर्घटना में सिपाही गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। लेकिन, डॉक्टर इसे बचा नहीं सके और सिपाही गौरव की मौत हो गई। इस दुर्घटना के बाद सिपाही की मौत की खबर से पूरे सहारनपुर पुलिस महकमे में शौक है। मूलरूप से बागपत जिले के रहने वाले सिपाही के परिजनों को खबर कर दी गई है। सहारनपुर पुलिस लाइन में सिपाही के मृत शरीर को अंतिम विदाई दी जाएगी।

देर रात करीब 1:30 बजे हुई दुर्घटना

बताया जा रहा है कि दुर्घटना देर रात करीब 1:30 बजे हुई। बागपत जिले के गांव कैथल का रहने वाला सिपाही गौरव जनकपुरी थाना क्षेत्र की राकेश केमिकल चौकी पर बतौर निगरानी तैनात था। जनकपुरी थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार शर्मा के मुताबिक सिपाही गौरव जब चौकी पर ड्यूटी कर रहा था तो उसी दौरान एक रिटायर्ड फौजी उनके पास पहुंचे और मदद मांगी। रिटायर्ड फौजी ने कहा कि उन्हें किसी का जरूरी काम से घंटाघर तक जाना है तो कोई वाहन रुकवा कर उन्हें घंटाघर तक बिठवा दीजिए, रात में कोई सवारी नहीं मिल रही है। इसके बाद सिपाही ने कई वाहनों को रोकने की कोशिश की, लेकिन कोई वाहन नहीं रुका।

काफी देर बाद एक ट्रक को सिपाही ने रुकवा लिया। अभी सिपाही ट्रक चालक को यह बता रहा था कि रिटायर्ड फौजी को मदद की आवश्यकता है और उनको घंटाघर चौक पर उतार देना। इसी दौरान सहारनपुर की ओर से जा रहे हैं ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ट्रक को टक्कर मार दी। इस हादसे में सिपाही ट्रक व ट्रैक्टर ट्रॉली के बीच में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दुर्घटना की सूचना मिलने पर घायल सिपाही को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर सिपाही को नहीं बचा सके। इस दुर्घटना में रिटायर्ड फौजी भी घायल हुए हैं, जिनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

सिपाही की मौत पर जताया दुख

सहारनपुर एसएसपी बबलू कुमार एसपी देहात विद्यासागर मिश्र और एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने आकस्मिक दुर्घटना में हुई सिपाही की मौत पर गहरा दुख जताया है।

Published on:
01 Jun 2018 12:34 pm