Lok Sabha Election 2024: कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस की बर्बादी के लिए राहुल गांधी को जिम्मेदार बताया। प्रमोद कृष्णम ने कहा कि इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और सोनिया गांधी के साथ रहने वाले नेताओं का अपमान किया जा रहा है।
Lok Sabha Election 2024: संभल के एचोड़ा कंबोह स्थित कल्कि धाम में पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने रविवार को राहुल गांधी पर करारा हमला बोला। कांग्रेस की बर्बादी के लिए सीधे तौर पर राहुल गांधी को जिम्मेदार बताया। प्रमोद कृष्णम ने कहा कि बड़े नेताओं का आज अपमान किया जा रहा है। यह तिरस्कार कांग्रेस को बर्बाद कर देगा।
कांग्रेस में जब तक राहुल गांधी रहेंगे पार्टी कभी खड़ी नहीं हो पाएगी। कमलनाथ, गुलाम नबी आजाद, दिग्विजय, जितिन प्रसाद, आरपीएन सिंह, आनंद शर्मा, सुष्मिता देव जैसे नेताओं से यदि बात करेंगे तो सच्चाई खुद सामने आ जाएगी। यहां तक कि कांग्रेस के अंदर प्रियंका गांधी खुद भी सरवाइव कर रही हैं।
इंडिया गठबंधन को लेकर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि यह चोरों का गठबंधन है, जो एक-दूसरे की पीठ में छुरा भोंक रहे हैं। यह मोदी का मुकाबला कभी भी नहीं कर सकता। जनता मोदी के साथ है। इस बार भी केंद्र में मोदी सरकार बनेगी।
इंडिया गठबंधन में मायावती के जाने के सवाल पर प्रमोद कृष्णम ने कहा कि वे समझदार हैं। जानती हैं कि चोरों के समूह में जाने का फैसला सही नहीं होगा। उन्होंने आगे कहा कि मध्य प्रदेश में कमलनाथ की दुर्गति की जिम्मेदार भी कांग्रेस है। जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूख अब्दुल्ला को राम भक्त बताते हुए आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कांग्रेस और गठबंधन पर जमकर निशाना साधा।