5 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

संभल में स्मार्ट मीटर के खिलाफ AAP का बड़ा प्रदर्शन, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

Sambhal News: संभल में आम आदमी पार्टी ने स्मार्ट मीटरों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए उन्हें “स्मार्ट चीटर” बताया।

2 min read
Google source verification

सम्भल

image

Mohd Danish

May 03, 2026

sambhal aap smart meter protest up

संभल में स्मार्ट मीटर के खिलाफ AAP का बड़ा प्रदर्शन..

AAP Smart Meter Protest: संभल के मुख्य बिजलीघर पर आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटरों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश प्रवक्ता आतिर हुसैन और जिलाध्यक्ष सचिन कुमार एडवोकेट के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने स्मार्ट मीटरों को “स्मार्ट चीटर” बताते हुए सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला और इसे आम जनता के साथ धोखा करार दिया।

बिजलीघर पर धरना

रविवार शाम करीब 04:30 बजे कोतवाली कस्बा क्षेत्र के मुरादाबाद रोड स्थित बिजलीघर पर शुरू हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने लगभग एक घंटे तक धरना दिया। इसके बाद विरोध मार्च भी निकाला गया। इस दौरान “मोदी-योगी होश में आओ” और “तानाशाही नहीं चलेगी” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा, जिससे माहौल पूरी तरह आंदोलनमय हो गया।

स्मार्ट मीटर से बढ़े बिलों पर उठे सवाल

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटरों के चलते बिजली के बिल कई गुना बढ़ गए हैं, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। उनका कहना है कि ये मीटर आम लोगों की जेब पर सीधा असर डाल रहे हैं और गरीब व मध्यम वर्ग के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं।

बिजली कटौती और प्रीपेड सिस्टम पर नाराजगी

AAP कार्यकर्ताओं ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती और प्रीपेड मीटर व्यवस्था की खामियों ने लोगों का जीवन मुश्किल बना दिया है। पार्टी का दावा है कि स्मार्ट मीटरों में बिलिंग से जुड़ी गंभीर समस्याएं हैं, जिनमें तेज और गलत बिलिंग प्रमुख हैं, जिससे उपभोक्ताओं को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

प्रदेश प्रवक्ता आतिर हुसैन ने बताया कि पूरे उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर के खिलाफ व्यापक आंदोलन चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ये मीटर जनता के लिए राहत नहीं बल्कि परेशानी बन चुके हैं और लोगों के साथ आर्थिक शोषण कर रहे हैं।

पुराने मीटर बहाल करने की मांग तेज

आतिर हुसैन ने मांग की कि सभी स्मार्ट मीटरों को तत्काल प्रभाव से हटाकर पुराने पोस्टपेड मीटरों को बहाल किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस मुद्दे पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

गली-गली तक आंदोलन

उन्होंने कहा कि यह आंदोलन संभल की हर गली, सड़क और मोहल्ले तक फैलाया जाएगा। लाखों लोग इस अभियान से जुड़ेंगे और सरकार को अपनी नीतियां बदलने के लिए मजबूर करेंगे। AAP ने साफ किया कि जब तक जनता की समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।