
सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क (Image: IANS)
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Assembly Elections) में BJP की प्रचंड जीत के बाद UP विधानसभा चुनाव 2027 की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। बंगाल में बीजेपी की जीत के बाद संभल से समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने बड़ा बयान दिया है।
जियाउर्रहमान बर्क ने कहा कि भाजपा की जीत से किसी को डर नहीं है। डर तो इस बात का है कि लोगों को फंसाया जाता है, उनके वोट काट दिए जाते हैं। सांसद ने कहा कि हमें डर किसी का नहीं है। हमारा अगर डर होगा तो फिर चुनाव ही किस बात का रहेगा? डर इस बात का है कि SIR के नाम पर जो वोट काटे गए हैं, उसका डर है। सांसद ने कहा कि लोगों के साथ जो पक्षपात किया जाता है, उस बात का डर है। लोगों को गलत मुकदमों में फंसाया जता है, उस बात का डर है।
जियाउर्रहमान बर्क ने कहा कि बीजेपी की सरकार जहां-जहां इस देश में है, वहां इस प्रकार के काम होते हैं। उन्होंने कहा- इस चीज का एहसास वहां पश्चिम बंगाल की बड़ी आबादी को था कि बीजेपी की सरकार बनेगी तो वहां पर सांप्रदायिक ताकतों का मजबूत होना, न प्रदेश के लिए अच्छा है और न ही देश के लिए अच्छा है। जिन लोगों को बीजेपी से अच्छी उम्मीदें थीं, अब उन्हें आने वाले समय में इसका एहसास होगा।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणामों पर समाजवादी पार्टी के अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में केंद्रीय पुलिस बल का अत्यधिक इस्तेमाल किया गया और राज्य के कर्मचारियों पर भरोसा नहीं जताया गया। सांसद ने कहा कि यह कदम वोटिंग प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश के रूप में देखा जा सकता है।
अवधेश प्रसाद ने कहा कि देश में हालात धीरे-धीरे तानाशाही की ओर बढ़ रहे हैं और संविधान व लोकतंत्र के लिए खतरा पैदा हो रहा है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए 'बेहद खराब संकेत' बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर पश्चिम बंगाल चुनाव में धांधली की। अवधेश ने कहा- अगर निष्पक्ष चुनाव होता तो ममता बनर्जी की बड़ी जीत तय थी। लेकिन, ममता बनर्जी आयरन लेडी हैं, वो तानाशाही का डटकर मुकाबला करेंगी।
Updated on:
05 May 2026 04:16 pm
Published on:
05 May 2026 04:16 pm
