सम्भल

संभल हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख की आर्थिक सहायता की घोषणा

संभल में हुए भीषण हादसे में PMO ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हवाले से शोक व्यक्त किया है। वहीं हादसे में मृतकों को 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि प्रदान करने की घोषणा की है।
2 min read
• •
Updated: 5 Jul 2025, 12:26 PM IST
Feature image
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, PC- IANS

संभल : यूपी के संभल में हुए हादसे 8 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। उनका अलीगढ़ मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी के हवाले से लिखा, 'संभल, उत्तर प्रदेश में दुर्घटना के कारण जानमाल के नुकसान से गहरा दुख हुआ है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। पीएमएनआरएफ से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी।'

दूल्हे समेत 8 लोगों की हुई मौतें

दरअसल, शुक्रवार शाम थाना जुनावई क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बोलेरो बेकाबू होकर जनता इंटर कॉलेज की दीवार से टकरा गई। सभी बोलेरो सवार संभल के ग्राम हरगोविंदपुर (थाना जुनावई) के रहने वाले थे। वे बिल्सी (जिला बदायूं) बारात लेकर जा रहे थे। इसी दौरान गाड़ी अनियंत्रित होकर जनता इंटर कॉलेज की दीवार से जा टकराई और पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही दूल्हे समेत 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घायल 5 लोगों को गंभीर अवस्था में अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही रवि, कोमल और मधु ने दम तोड़ दिया। अब तक कुल 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।

घटना की सूचना मिलते ही संभल के एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई और एएसपी अनुकृति शर्मा घटनास्थल पहुंचे। बोलेरो में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत करके गाड़ी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को प्राथमिक उपचार दिलवाया। प्राथमिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और ड्राइवर की लापरवाही को बताया गया है। स्थानीय प्रशासन पीड़ित परिवारों के संपर्क में है और हरसंभव सहायता पहुंचाने की कोशिश कर रहा है।

Updated on:
5 Jul 2025, 12:26 PM IST
Published on: