सम्भल

खून के रिश्तों पर भारी पड़ी पेंशन: संभल में मां के पैसों के लिए छोटे भाई ने बेटों संग मिलकर बड़े भाई को दागी गोली!

Sambhal Murder Case: यूपी के संभल में मां की पेंशन को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई और उसके दो बेटों ने बड़े भाई संजीव कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी।

2 min read
Mar 02, 2026
खून के रिश्तों पर भारी पड़ी पेंशन..

Family pension murder case Sambhal: संभल जिले के ऐंचौड़ा कम्बोह थाना क्षेत्र के राजी खेड़ा गांव में सोमवार दोपहर को एक दर्दनाक परिवारिक हत्या का मामला सामने आया। घटना में छोटे भाई ब्रजकिशोर त्यागी और उसके दो बेटों अर्पित और अपूर्व ने मिलकर बड़े भाई संजीव कुमार (56) की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात की वजह मृतक की मां की पेंशन को लेकर चल रहे लंबे समय के विवाद को बताया जा रहा है।

ये भी पढ़ें

शांत लड़के से खूंखार आरोपी तक: गाजियाबाद मुठभेड़ में मारे गए जीशान सैफी की पूरी कहानी

पंचायत में मां ने किया साफ इंकार, बढ़ा तनाव

पुलिस के अनुसार, संजीव कुमार और उनके छोटे भाई ब्रजकिशोर के बीच मां की पेंशन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। कुछ दिन पहले ही रिश्तेदारों की पहल पर एक पंचायत भी हुई थी, जिसमें मां ने स्पष्ट कर दिया कि वह पेंशन देने और छोटे भाई के साथ रहने से इनकार करती हैं। पंचायत में इनकार के बाद तनाव और बढ़ गया था।

सड़क किनारे हुई फायरिंग, मौके पर हुई मौत

घटना के समय संजीव कुमार अपनी खाली पड़ी जमीन से पशु घर ले जा रहे थे। इसी दौरान ब्रजकिशोर अपने बेटों के साथ वहां पहुंचे और पहले विवाद किया। जब संजीव ने इसका विरोध किया, तो ब्रजकिशोर ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगने से संजीव की मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों की मदद से परिजन को मिली घटना की जानकारी

फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना मृतक के भाई नवीन कुमार को दी गई, जो अमरोहा जिले के हसनपुर में रहते हैं। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने दर्ज की नामजद शिकायत

एएसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर ब्रजकिशोर, उसके बेटे अर्पित और अपूर्व तथा पत्नी सपना के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

परिवार का बैकग्राउंड

नवीन त्यागी ने बताया कि उनके पिता वेद प्रकाश अध्यापक थे और वर्ष 2006 में उनका निधन हो गया था। उनकी मां ओमवती देवी की पेंशन को लेकर विवाद लंबे समय से चल रहा था।

Also Read
View All

अगली खबर