Sambhal News: यूपी के संभल में मस्जिद परिसर में खेलते समय लोहे का भारी गेट गिरने से 10 वर्षीय शाहबान की मौत हो गई, जबकि उसका साथी मामूली रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में मातम और गांव में शोक का माहौल है।
Mosque Gate Accident Sambhal: संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के रचेटा गांव में एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है, जहां मस्जिद परिसर में खेल रहे दो मासूम बच्चों पर अचानक लोहे का भारी गेट गिर गया। इस हादसे में 10 वर्षीय शाहबान की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी शाकिब मामूली रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, गांव रचेटा निवासी शाहबान अपने दोस्त शाकिब के साथ सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे मस्जिद में कुरान शरीफ पढ़ने गया था। पढ़ाई खत्म होने के बाद दोनों बच्चे मस्जिद के अंदर ही खेल रहे थे। इसी दौरान दीवार के सहारे रखा लोहे का भारी गेट अचानक संतुलन खो बैठा और सीधे दोनों बच्चों के ऊपर आ गिरा।
लोहे का गेट गिरते ही दोनों बच्चे उसके नीचे दब गए और जोर-जोर से चीखने लगे। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद भारी गेट को हटाया और दोनों बच्चों को बाहर निकाला। इस दौरान दोनों की हालत गंभीर बनी हुई थी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद घायलों को तुरंत गांव के एक स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां शाहबान की गंभीर हालत को देखते हुए उसे तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजन उसे मुरादाबाद के प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन देर रात करीब 12 बजे इलाज के दौरान शाहबान ने दम तोड़ दिया। इस खबर के मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
हादसे में घायल दूसरे बच्चे शाकिब को मामूली चोटें आईं, जिसे प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया। हालांकि, इस घटना के बाद वह भी काफी डरा हुआ है और परिवार के लोग उसकी देखभाल कर रहे हैं। गांव में इस हादसे के बाद बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
मृतक शाहबान अपने परिवार में तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां फरहा का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम का माहौल है। इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।