
सतना. मध्य प्रदेश की सतना पुलिस ने पिछले दिनों शहर में हुए अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन पर आरोप है कि, इन्होंने गांव में कपड़ों की फेरी लगाने वाले एक सेठ की हत्या की है। मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि, 22 फरवरी को मझगवां थाना इलाके के रोहनिया गांव से लगे जंगल में एक व्यक्ति का अधजला शव मिला था।
शव 10-15 दिन पुराना हो गया था इसलिए उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी। छह-सात दिन बाद भी जब घटना से संबंधित कोई सुराग नहीं मिला तो चित्रकूट एसडीओपी किरण किरो की अगुवाई में एक एसआईटी बनाई गई। जांच में पता चला कि रोहनिया में एक फेरी वाला रहता था जो 10 फरवरी के बाद से नहीं दिखा। पुलिस ने शक के आधार पर गांव के एक व्यक्ति को पकड़ा जिसने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर फेरीवाले की हत्या करना स्वीकार किया।
महिलाओं पर रखता था बुरी नजर- दावा
आरोपियों के अनुसार, मृतक गांव की महिलाओं पर बुरी नज़र रखता था। पुलिस को पता चला कि, फेरीवाला खुद को कानपुर का रहने वाला बताता था इसलिए एक टीम कानपुर के लिए भी रवाना हुई और वहां उन्होंने मृतक के मामा को तलाश लिया। जिससे मृतक की पहचान नरेंद्र पटेल उर्फ सचान उर्फ नरेंद्र कटियाल 40 वर्ष के रूप में हुई। पहचान पुख्ता करने पुलिस डीएनए टेस्ट करवाया जा रहा है।
SP का दावा
एसपी ने दावा किया कि, मृतक चोरी की बाइक बेचने और खरीदने में भी संलिप्त हो सकता है और ग्रामीणों को शक था कि, ये गांव की औरतों को बाहर ले जाकर बेच देता था। इस मामले में पुलिस अभी जांच कर रही है। हत्या में विजय सिंह, नीरज सिंह गोर, शीतल उर्फ राजकुमार सिंह और गुण सागर वर्धन सिंह को गिरफ्तार किया गया है।