खात्मा के बाद खुला दो वारदातों का राज, चार आरोपियों के कब्जे से तीन लाख के गहने बरामद, नागौद थाना पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी
सतना. नागौद थाना इलाके के डाम्हा गांव से चोरी हुई लड्डू गोपाल की वेशकीमती मूर्ति के साथ 10 अन्य चोरी की वारदातों का खुलासा पुलिस ने कर लिया है। चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए करीब तीन लाख रुपए के गहने व बाइक बरामद की गई है। गुरुवार को एसपी रियाज इकबाल ने इस गिरोह की हरकतों का खुलासा करते हुए बताया है कि चोरी के दो मामले भी खुल गए हैं जिसमें आरोपी के नहीं मिलने पर खात्मा पेश किया जा चुका था।
इन मामलों का खुलासा
1- 23 जनवरी 2019 को फरियादी सतीश उर्फ बबलू पुत्र रामदास वर्मन निवासी चटाई मोहल्ला नागौद की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 39/19 में धारा 457, 380 के तहत कायमी की गई थी। सतीश ने बताया था कि उसके घर से एक गैस सिलेंडर, आधार कार्ड, जमीनी रिकार्ड, एटीएम कार्ड चोरी हुए हैं। एसआइ मुकेश डेहरिया ने इस मामले की विवेचना करतेे हुए सिलेंडर बरामद कर लिया।
2- 27 जनवरी 2019 को फरियादी विष्णु पुत्र कमला प्रसाद बागरी निवासी महकोना ने रिपोर्ट कराई थी कि उसकी किराना दुकान से 20 हजार रुपए की नकदी के साथ सामान चोरी हुआ है। अपराध क्रमांक 52/19 में आइपीसी की धारा 457, 380 के तहत मामला दर्ज कर इस प्रकरण की विवेचना भी एसआइ मुकेश डेहरिया कर रहे थे।
3- 17 फरवरी 2019 को फरियादी सीताराम वसुदेवा पुत्र कोला निवासी चटाई मोहल्ला नागौद की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 94/19 में आइपीसी की धारा 457, 380 के तहत मामला दर्ज किया गया। फरियादी के घर से सोने की झुमकी, पायल चोरी हुई थी। इस मामले की विवेचना एसआइ मुकेश डेहरिया कर रहे थे।
4- 3 मार्च 2019 को फरियादी रामलखन तिवारी निवासी मझगवां ने रिपोर्ट किया कि उसके यहां से चांदी की पायल, झुमकी, नगदी चोरी हुई है। शिकायत पर अपराध क्रमांक 114/ 19 में आइपीसी की धारा 457, 380 के तहत मामला कायम कर एएसआइ रामसजीवन वर्मा विवेचना कर रहे थे।
5- 27 मार्च 2019 को फरियादी शुभम अग्रवाल पुत्र बृजेन्द्र अग्रवाल निवासी सब्जी मंडी नागौद ने रिपोर्ट किया कि इनके किराना दुकान से 6 हजार रुपए नकद व सामान चोरी हुआ है। इस मामले में अपराध क्रमांक 176/19 में आइपीसी की धारा 457, 380 के तहत केस दर्ज कर एसआइ मुकेश डेहरिया विवेचना कर रहे थे।
6- 5 अक्टूबर 2019 को फरियादिया आशा जायसवाल पत्नी स्व. जदगदेव जायसवाल निवासी खम्हरिया ने रिपोर्ट किया कि इनके घर से एक जोड़ी चांदी की पायल, झुमकी, फुल्ली चोरी हुई है। अपराध क्रमांक 535/19 में आइपीसी की धारा 457, 380 के तहत मामला कायम कर एसआइ ओशो गुप्ता विवेचना कर रहे थे।
7- 7 अक्टूबर 2019 को फरियादी मुनेश्वर प्रसाद पाठक निवासी बस स्टैण्ड नागौद ने रिपोर्ट किया कि इनके किराए के घर का ताला तोड़कर सोने चांदी के जेवरात, मोबाइल चोरी हुआ है। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 538/19 में आइपीसी की धारा 457, 380 के तहत मामला कायम कर एसआइ मुकेश डेहरिया विवेचना कर रहे थे।
8- 14 नबंवर 2019 को रविशंकर त्रिपाठी उर्फ रज्जन पुत्र अमृत लाल त्रिपाठी निवासी डाम्हा ने रिपोर्ट किया कि इनके घर से एक अष्ट धातु की मूर्ति ककरीब 8 किलो की चोरी हो गई। शिकायत पर अपराध क्रमांक 606/19 में आइपीसी की धारा 457, 380 के तहत रिपोर्ट कायम कर एसआइ ओशो गुप्ता विवेचना कर रहे थे। आरोपी दादू उर्फ दिलीप ने पूछताछ में बताया कि घटना से पहले ही उसने कमरे की चाबी चोरी कर ली थी। मूर्ति चोरी के बाद मूर्ति लेकर बाउण्ड्री से नहीं कूद पाने पर आरोपी ने घर के पीछे ही लौकी के झाड़ में मूर्ति छिपाई और भाग निकला। आरोपी की निशादेही पर मूर्ति व चाबी बरामद की गई है।
9- 19 नबंवर 2019 को फरियादिया शकुन्तला सिंह पत्नी जगत बहादुर सिंह निवासी नागौद ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके घर से ताला तोड़ कर गैस सिलेंडर चोरी किया गया है। इस पर अपराध क्रमांक 616/19 में आइपीसी की धारा 457, 380 के तहत मामला कायम कर एएसआइ अजय सिंह परिहार जांच कर रहे थे।
10- 1 अप्रैल 2017 को फरियादी रवि शुक्ला निवासी हॉस्पिटल चौक नागौद ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी दुकान का ताला तोड़ कर 50 हजार रुपए नकद चोरी किए गए हैं। इस मामले में अपराध क्रमांक 187/17 में आइपीसी की धारा 457, 380 के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना की जा रही थी। विवेचक आरोपी का पता नहीं लगा सके और मामले का खात्मा पेश कर दिया। अब पकड़े गए आरोपी दिलीप उर्फ दादू ने स्वीकार किया है कि उसने अपने साथी इरफान खान के वारदात किया था। चोरी की रकम से आरोपी ने मोटर साइकिल एमपी 19 एमएस 8184 लिया। जिसे बरामद कर लिया गया।
11- 26 अगस्त २०18 को सीएचसी नागौद मे पदस्थ डॉक्टर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि इनके घर से सोने, चांदी के जेवरात व 50 हजार रुपए नकद चोरी हुए हैं। इस मामले में अपराध क्रमांक 427/18 में आइपीसी की धारा 457, 380 के तहत केस दर्ज कर एसआइ मुकेश डेहरिया विवेचना कर रहे थे। प्रकरण में आरोपी का पता नहीं चलने से खात्मा पेश कर दिया था। अब आरोपी सतेन्द्र उर्फ दादू कुशवाहा, हेमचन्द्र कुशवाहा ने इस घटना को ककरना स्वीकार ककरते हुए चोरी का सामान बरामद कराया है।
नहीं खा पाए काजू, बादाम
पुलिस ने बताया कि चोर गिरोह से पूछताछ करते हुए चोरी के गहने, बाइक, रसोई गैस सिलेंडर, मोबाइल फोन, मूंगफली, बिस्किट, नमकीन, पोहा, तेल, काजू, बादाम के पैकेट एवं चिल्लर बरामद की गई है। गौर करने वाली बात तो यह है कि चोरी करने के महीनों बाद तक रोजमर्रा की जरूरत का सामान भी चोर उपयोग नहीं कर सके। लिहाजा पुलिस ने नमकीन, पोहा, काजू, बादाम तक बरामद कर लिया।
यह हैं आरोपी
पुलिस ने आरोपी दिलीप उर्फ ददुआ कुशवाहा पुत्र सुरेश कुशवाहा उम्र (22) निवासी पीपल चौराहा नागौद, हेमचन्द्र कुशवाहा पुत्र नंदलाल कुशवाहा (25) निवासी पीपल चौराहा नागौद, सतेन्द्र उर्फ छुट्टू कुशवाहा पुत्र विष्णु कुशवाहा (32) निवासी पीपल चौराहा नागौद, इरफान अहमद पुत्र अनवार अहमद (24) निवासी संतोषी माता चौराहा नागौद को गिरफ्तार किया है।
इस टीम की मेहनत
चोर गिरोह तक पहुंचने में नागौद थाना प्रभारी निरीक्षक आरपी सिंह के नेतृत्व में थाना प्रभारी सिंहपुर सुधांशु तिवारी, एसआइ मुकेश डेहरिया, ओशो गुप्ता, एएसआइ अजय सिंह परिहार, रामसजवीन वर्मा, प्रधान आरक्षक राजकिशोर कोल, आरक्षक पुष्पेन्द्र सिंह, आकाश कुशवाहा, धर्मेन्द्र सिसोदिया के अलावा साइबर सेल प्रभारी एसआइ अजीत सिंह, प्रधान आरक्षक दीपेश पटेल, आरक्षक विपेन्द्र मिश्रा की अहम भूमिका रही।