बेखौफ चले रहे जुआ फड़ों पर पुलिस की दबिश, कोलगवां पुलिस ने चार जुआरियों से जब्त किए 3.17 लाख
सतना. दीपावली पर बेखौफ जुआरी अपने फड़ सजाए रहे। शहर से देहात तक ताश पत्तों का खेल जोरों पर रहा। किसी ने विवाह घर को ठीहा बनाया तो कोई किराए के घर में जुआ खिलाता रहा। सटीक सूचना मिलने पर पुलिस ने दबिश ददी तो अलग अलग कार्रवाई में 25 जुआरी पकड़े गए। इनके कब्जे से सवा 4 लाख रुपए नकद बरामद किए गए हैं। सबसे बड़ी कार्रवाई कोलगवां थाना पुलिस की रही जहां 4 जुआरियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने 3.17 लाख रुपए की जब्ती बताई है।
कोलगवां थाना प्रभारी मोहित सक्सेना ने मुखबिर की सूचना पर सेमरिया चौराहे के पास चल रहे जुआ फड़ में छापा मारा। जहां से सुधीर सोनी, दिलीप यादव, इसरार अहमद एवं सुनील सायानी पकड़े गए जबकि कई जुआरी अपनी रकम समेटते हुए मौका पाकर भाग निकले। पकड़े गए जुआरियों के कब्जे से ताश के 52 पत्तों के साथ 3 लाख 17 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं। इसी तरह अमरपाटन थाना पुलिस ने लालपुर गांव के पास रामपुर बाघेलान रोड में घेराबंदी करते हुए विक्रम चौरसिया, सूरज चौरसिया, सचिन चौरसिया, वीरेन्द्र कुमार चौरसिया, विकेश सिंह गहरवार एवं नंदलाल चौरसिया सभी निवासी लालपुर को गिरफ्त में लेकर इनके पास से एक लाख एक हजार 980 रुपए जब्त किए हैं। अमरपाटन थाना पुलिस ने ही बड़ागर मंदिर के पास छापा मारते हुए आरोपी बाल्मीक साहू, शुभम कुशवाहा, रवि शंकर कुशवाहा, हरि कुशवाहा, संजय कुशवाहा, विकास कुशवाहा, मो. अफजल, राजकुमाररजक को पकड़ा कर इनके पास से 8 हजार 415 रुपए जब्त किए हैं। अमरपाटन की पुरानी बस्ती से भूपेन्द्र रजक, विजय ताम्रकार, इंन्द्रजीत को जुआ खेलते पकड़ा गया। इनके पास 1510 रुपए बरामद हुए। इसी तरह कोटर थाना पुलिस ने आरोपी रामप्रकाश केवट, राहुल केवट, नीरू केवट को पकड़ कर 1285 रुपए जब्त किए हैं।