सतना

तीसरी आंख की निगरानी में MP का ये रेलवे स्टेशन, GRP रखेगी पल-पल पर नजर

पहले चरण में लगे 6 सीसीटीवी कैमरे, चोरी सहित संदिग्ध गतिविधियों पर लगेगी लगाम
2 min read
• •
Updated: 11 Jan 2018, 1:20 PM IST
6 CCTV Camera in Satna railway station
6 CCTV Camera in Satna railway station

सतना। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार रेलवे स्टेशन तीसरी आंख की जद में आ गया। यात्री सुरक्षा के लिहाज से सतना जंक्शन को देर से ही सही कैमरों की सौगात मिल गई। प्रथम चरण में यहां आधा दर्जन सीसीटीवी कैमरे अलग-अलग जगहों पर लगाए गए हैं। कैमरे लगने से स्टेशन के प्लेटफॉर्म से लेकर पूरेरेलवे परिसर में होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने में रेल पुलिस को मदद मिलेगी।

बुधवार को लगाए गए कैमरों ने काम करना शुरू कर दिया है। इसका कंट्रोलरूम प्लेटफॉर्म एक में मौजूद जीआरपी चौकी को बनाया गया है। कैमरे लगने से प्लेटफॉर्म सहित स्टेशन के बाहर होने वाली वारदातों को रोकने में मदद मिलेगी।

24 घंटे कैमरे के लाइव फुटेज

गौरतलब है, रेलवे परिसर से वाहन चोरी, प्लेटफॉर्म से यात्रियों का सामान पार होने की कई वारदातें सामने आती हैं। वारदात के बाद बदमाश बड़े आराम से गायब हो जाते हैं। जीआरपी के अनुसार, अब 24 घंटे कैमरे के लाइव फुटेज के जरिए परिसर की निगरानी होने से वारदातें थमेंगी। कैमरे के जरिए बदमाशों को पकडऩे में भी ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी।

रेल पुलिस को मिलेगी राहत

कम स्टाफ और पुराने साधनों से सुरक्षा का जिम्मा उठा रही रेलवे की जीआरपी व आरपीएफ को सीसीटीवी कैमरों से काफी मदद मिलेगी। जीआरपी चौकी प्रभारी संतोष तिवारी का कहना है कि कैमरों से 24 घंटे निगरानी में सहयोग के अलावा किसी घटना के बाद भी फुटेज को देख बदमाशों तक पहुंचना अब आसान हो जाएगा।

कहां-कहां लगे कैमरे
रेलवे स्टेशन की सुरक्षा और निगरानी के लिए प्लेटफॉर्म 1, प्रवेश द्वार, सर्कुलेटिंग एरिया, टिकट बुकिंग हाल, वेटिंग रूम में कैमरे लगाए गए हैं। जीआरपी के अनुसार जल्द ही और कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि रेलवे स्टेशन का चप्पा-चप्पा कवर किया जा सके। फिलहाल आधा दर्जन कैमरों से स्टेशन आने वाले यात्रियों, तमाम गतिविधियों व संदिग्धों पर नजर रखी जाएगी।

नियंत्रण कक्ष में हर वक्त जवान तैनात

इन कैमरों का फुटेज संकलन व नजर रखने के लिए नियंत्रण कक्ष में हर वक्त जवान तैनात रहेगा। हर रोज आवागमन करने वाले 12 हजार से अधिक यात्रियों व 175 से अधिक रेलगाडिय़ों की आवाजाही के कारण सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरों की वर्षों से दरकार थी।

Published on: