कोठी थाना पुलिस की कार्रवाई, गांव वालों ने पुलिस के सुपुर्द किया था आरोपी
सतना. घर में घुसकर नाबालिग लड़की से बलात्कार के आरोपी सेना के जवान को पुलिस ने गुरुवार को अदालत में पेश करते हुए जेल भेजा है। आरोपी के खिलाफ मंगलवार की रात कोठी थाना पुलिस ने आइपीसी की धारा 450, 376, 506 व 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला कायम किया था।
पुलिस के अनुसार, कोठी के बम्हरौला गांव में रहने वाले सेना के जवान सहेन्द्र सिंह उर्फ सनी पुत्र गोरेलाल सिंह पर कार्रवाई की गई है। गौरतलब है कि मंगलवार की रात कोठी के एक गांव से एसपी बंगला के सामने पहुंचे ग्रामीणों ने बताया था कि आरोपी सेना का जवान घर में घुसा था। उसने नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार किया है। किसी तरह लड़की खुद को बचाकर बाहर आई और दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद गांव वालों ने पुलिस को सूचना देकर बुलाया। मौके से ही पकड़े गए सेना के जवान को पुलिस के हवाले कर दिया गया था। पीडि़त परिवार इसलिए पुलिस अधीक्षक के बंगले पर पहुंचा था कि आरोपी पक्ष उस पर दबाव बना रहा था। इस कारण उन्हें थाना में रिपोर्ट कराने में दिक्कत आई। उचित कार्रवाई के लिए पीडि़त परिवार ऑटो में सवार होकर एसपी ऑफिस पहुंचा था। जहां अधिकारी के नहीं मिलने पर बंगला के बाहर धरना दे दिया। यहां से निरीक्षक अर्चना द्विवेदी ने पीडि़तों की बात सुनने के बाद उन्हें रिपोर्ट कराने कोठी रवाना किया था।