बिना काम घूमने वाले युवकों व ठेले वालों पर सख्ती, महिला पुलिस अधिकारियों ने जांचे स्कूल, कॉलेज, पार्क
सतना. महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर पुलिस स्कूल, कॉलेज और पार्कों की सतत निगरानी में जुटी है। इसी के तहत मंगलवार को महिला पुलिस अधिकारियों की टीमें शहर में अलग अलग निकलीं। छात्राओं को सुरक्षा के प्रति सचेत रहने की समझाइश देते हुए पुलिस ने शोहदों की क्लास लगाते हुए उठक बैठक करा ली। इसके साथ ही कॉलेज, स्कूल के पास ठेला लगाने वालों पर भी सख्ती कररते हुए चेताया गया है।
एसपी रियाज इकबाल के निर्देश पर महिला पुलिस अधिकारियों की टीमें हर रोज गस्त कर रही हैं। महिला थाना प्रभारी राजश्री रोहित ने मैहर नगर के शिक्षण संस्थानों का दौरा किया। उन्होंने शासकीय कॉलेज व विद्यालय में छात्र-छात्राओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। कई लडकियों ने घर से स्कूल-कालेज आते, जाते और संस्थान के आसपास मजनुओं और असामाजिक तत्वों से परेशानी बताई। एेसे में छात्राओं को उनके अधिकार बताते हुए सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इस दौरान स्कूल और कॉलेज परिसर में घूमते मिले आवारा तत्वों को पकड़कर उठक- बैठक लगवाई गई। छात्राओं को सुरक्षा प्रबंधों से अवगत कराते हुए महिला हेल्पलाइन, कंट्रोल रूम, निर्भया दस्ता प्रभारी समेत महिला थाना प्रभारी का सरकारी मोबाइल नंबर दिया ताकि जरूरत पर मदद ली जा सके। इसके अलावा नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्ति को बढ़ावा देने के लिए भी प्रेरित किया।
सेल्फ डिफेंस का महत्व बताया
महिला थाना प्रभारी राजश्री और उनकी टीम ने सेल्फ डिफेंस का महत्व बताते हुए योग अभ्यास, जूडो- कराते जैसी आत्मरक्षा की विधाएं सीखने की सलाह दी। इसके अलावा सुरक्षा के लिहाज से मोबाइल रखने की सीख दी। यह दौरा मैहर में भाई के साथ घर जा रही तीन बहनों को असमाजिक तत्वों के द्वारा अगवा किए जाने की खबरों को संज्ञान में लेने के बाद किया गया। ताकि सुरक्षित माहौल बनाया जा सके।
युवकों को सख्त हिदायत
आजाक थाना प्रभारी सरला मिश्रा ने अपनी टीम के साथ सिटी कोतवाली क्षेत्र में स्थित इंदिरा कॉलेज, एमएलबी स्कूल, वेंकट स्कूल की दोनों शाखा, कन्या धवारी, नारी निकेतन के पास, धवारी छात्रावास, रेलवे स्टेशन, पुष्करणी पार्क एवं व्यंकटेश मंदिर में भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं को महिला अपराधों के सम्बंध में समझाइश दी गई तथा अवांछित तत्वों को डांट फटकार लगाई गई। पुलिस टीम ने स्कूल कॉलेज के बाहर लगे ठेले और खड़े ऑटो रिक्शे हटवाए। भ्रमण के दौरान पुष्करणी पार्क में पाए गए लड़कों को कान पकड़ कर उठक बैठक लगवाई गई और लड़कियों को समझाइश दी गई ।