सतना

MP election 2018: वोटरों को लुभाने महिला सरपंच ने बार बालाओं को नचाया, ठुमकों के साथ तार-तार हुई मर्यादा

आचार संहिता के दौरान झुकेही पंचायत में हुआ आयोजन, अमदरा थाना पुलिस ने सरपंच को थमाया नोटिस
2 min read
Oct 21, 2018
bar balao ka dance in hindi
bar balao ka dance in hindi

सतना। एक ओर जहां आचार संहिता लागू होने के बाद चुनाव आयोग के नियमों का पालन कराने पुलिस व प्रशासन मुस्तैद है। वहीं नेता अपने ढंग से वोट बैंक सहेजने में लगे हुए हैं। दशहरे के मौके पर मतदाताओं को लुभाने के लिए मैहर तहसील की झुकेही पंचायत में बार बालाओं से नृत्य कराया गया। गौर करने वाली बात यह है कि पंचायत की सरपंच भी महिला है।

गुरुवार रात झुकेही पंचायत में अश्लील डांस की खबर के बाद भी स्थानीय प्रशासन चुप्पी साधे रहा। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अमदरा थाना पुलिस ने सरपंच को नोटिस थमाते हुए जवाब-तलब किया है। कार्यक्रम में लोगों को शराब भी परोसी गई। सूत्रों के अनुसार इंतजाम भी सरपंच पति की ओर से था। झुकेही चौकी पुलिस को आयोजन की सूचना मिल गई थी, पर पुलिस ने चुप्पी साधे रखी।

रातभर जमी महफिल
आचार संहिता के बावजूद पंचायत में आयोजन के दौरान किसी ने पूछताछ नहीं की। झुकेही बाजार में बने पंचायत भवन परिसर में रातभर महफिल जमी रही। बताया जा रहा है कि झुकेही सरपंच सविता शिवहरे और उसके पति सुजीत शिवहरे सत्ताधारी दल से जुड़े हुए हैं।

प्रतीक्षालय से नहीं हटे होर्डिंग और नाम
सरपंच के घर के पास ही यात्री प्रतीक्षालय में अभी भी स्थानीय विधायक नारायण त्रिपाठी की तस्वीर और भाजपा के निशान वाली होर्डिंग लगी है। जबकि आचार संहिता के बाद इन्हें हटाया जाना था।

झुकेही सरपंच को नोटिस दिया गया है। अश्लील नाच गाने पर पाबंदी लगाएं और कार्यक्रम का समय तय करें, जिसकी पूरी जवाबदेही आयोजकों की होगी। गुरुवार की रात नृत्य कार्यक्रम होने की सूचना मिली है, अगले दिन भी कार्यक्रम होना था, लेकिन नोटिस के बाद नहीं हो सका।
संतोष त्रिपाठी, झुकेही चौकी प्रभारी

इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलती है, तो जांच कराते हुए ठोस कार्रवाई तय की जाएगी।
संतोष सिंह गौर, एसपी, सतना

Updated on:
21 Oct 2018 01:33 pm
Published on:
21 Oct 2018 01:33 pm