सतना

big breaking: सतना में युवक पर एसिड अटैक, हाथ झुलसा

आरोपी ने थाने में किया सरेंडर, जिला अस्पताल में भर्ती  
2 min read
• •
Updated: 20 Feb 2018, 2:13 AM IST
satna Acid Attack
satna Acid Attack

सतना. सिंहपुर में एक युवक पर बीच बाजार एसिड फेंक देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एसिड अटैक से युवक की पीठ व हाथ झुलस गया है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोमवार को हुई वारदात के बाद आरोपी स्वयं थाने पहुंचा और सरेंडर करते हुए आरोप स्वीकार कर लिया।

चल रहा विवाद
बताया गया, रज्जन पाण्डेय विद्युत कंपनी में दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी है। उसका गोलू सोनी (24) नाम के युवक से विवाद चल रहा था। सोमवार को अपराह्न करीब तीन बजे सिंहपुर बाजार में रज्जन व गोलू आमने-सामने हो गए। इस दौरान गोलू ने एक सीसी निकाली और उससे एसिड रज्जन के ऊपर फेंक कर भाग खड़ा हुआ। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने डायल 100 को सूचना दी। कुछ देर बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीडि़त को उपचार के लिए नागौद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। वहां चिकित्सकों ने सतना जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर, आरोपी गोलू स्वयं थाने पहुंच गया और सरेंडर कर दिया।

नहीं हो सकी एफआईआर
पीडि़त की ओर से कोई व्यक्ति थाने नहीं पहुंचा है। लिहाजा, एफआईआर नहीं हो सकी है। सिंहपुर थाना प्रभारी कपूर त्रिपाठी ने बताया कि रात ९ बजे तक पीडि़त युवक की ओर से कोई फरियादी सामने नहीं आया। इसलिए घटना की एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। जैसे ही कोई रिपोर्ट दर्ज कराने आएगा, आगे की कार्रवाई शुरू हो जाएगी।

वीडियो की बात सामने आई
मामले को लेकर परिजनों का आरोप है कि गोलू का वीडियो भी कुछ दिनों पहले गांव के लड़कों के पास था। इसमें वह कई लोगों के ऊपर एसिड अटैक की बात कह रहा था। दो दिन पूर्व उसने एक टेंट व्यापारी के ऊपर भी एसिड डालने का प्रयास किया था। लेकिन, सफल नहीं हो सका। सोमवार को उसने रज्जन के ऊपर एसिड अटैक किया।

रायपुर से सुबह ही आया था रज्जन
बताया जाता है, रज्जन पांच दिन पहले रायपुर अपनी बहन को लेने गया था। सोमवार सुबह ही वह रायपुर से लौटा है। उसके बाद पिता विजयकांत पांडेय ने कहा था कि खेत से मोटर निकालनी है, आ जाना। इसके बाद रज्जन खेत जा रहा था। उसी दौरान आरोपी पीछे से आया और एसिड डाल दिया।

परिजनों के संज्ञान में नहीं बड़ा विवाद
परिजनों का कहना है, उनके संज्ञान में कोई बड़ा विवाद नहीं है। लड़कों के बीच सामान्य विवाद हुए होंगे। ऐसा क्यों हुआ है? अभी वे स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं। पुलिस भी आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसने ये कदम क्यों उठाया है? आरोपी के बयान और पीडि़त पक्ष से रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Published on: