भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कल आएंगे, सतना, रीवा, सीधी और सिंगरौली की 22 सीटों पर नजर, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के दौरे के बाद बदली राजनीति की धार
सतना। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के दौरे के बाद विंध्य के सियासी समीकरण तेजी से बदले हैं। करीब 15 साल से सोई कांग्रेस में जान आ गई है। वह भाजपा को बराबर का टक्कर देते नजर आ रही है। इस परिवर्तन ने भाजपा की सियासत में भूचाल ला दिया है। पार्टी के स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अपनी रणनीति कमजोर समझ में आ रही है।
लिहाजा अब विंध्य के राजनीतिक समीकरण को साधने 15 अक्टूबर को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह आ रहे हैं। वे स्थिति-परिस्थिति अनुसार चार जिलों की 22 सीटों के गुणा-गणित को समझेंगे। पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास करेंगे। माना जा रहा कि इस दौरे के बाद दावेदारों के नामों को भी अंतिम रूप दे दिया जाएगा। उसके बाद पार्टी घोषणा कर देगी।
हर सीट के समीकरण को समझेंगे
भाजपा अध्यक्ष दौरे के दौरान विंध्य की हर सीट के समीकरण को समझेंगे। इसके लिए उन्होंने पहले ही रिपोर्ट मांगी है। उसमें वर्तमान विधायक की छवि, दावेदारों की स्थिति, पार्टी की स्थिति, जातिगत समीकरण, एट्रोसिटी एक्ट का प्रभाव आदि की जानकारी मंगाई है। एट्रोसिटी एक्ट को लेकर विशेष फोकस किया गया है। पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा विरोध सतना में हुआ था। लिहाजा वे फूंक-फूंककर कदम रखने वाले हैं।
सतना में शक्ति, रीवा में संगठन
शाह के दौरे का निर्धारण बड़े ही सुनियोजित ढंग से तय किया गया है। सतना में नारी शक्ति के दम पर समीकरण को साधने का प्रयास है। यही कारण है कि कमल शक्ति कार्यक्रम में आधी आबादी को पक्ष में करने का प्रयास किया जाएगा। जबकि रीवा में संगठन कार्यकर्ताओं में उपजे असंतोष को दूरकर उनमें दम भरा जाएगा।
आधे घंटे की बैठक में कार्यकर्ताओं में भरा जोश
राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे से पहले तैयारियों का जायजा लेने भाजपा के दिग्गज शनिवार को सतना पहुंचे। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा व पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नंद कुमार सिंह चौहान ने तैयारियों की समीक्षा की। दोनों नेताओं ने सुबह ९ बजे भरहुत नगर स्थित पार्टी कार्यालय में आधे घंटे तक बैठक ली। उसके बाद बीटीआई ग्राउंड पहुंचे और तैयारियों का जायजा लिया। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष झा व पूर्व प्रदेशाध्यक्ष चौहान ने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता व मोर्चा अपनी जिम्मेदारी को लेकर गंभीर हो जाए। हमारा प्रयास होना चाहिए कि हर घर व हर गली से महिला कार्यकर्ता व पार्टी समर्थक बीटीआइ ग्राउंड पहुंचे। ऐसा कर पाने में सफल होते हैं तो विस चुनाव में हमारी जीत को कोई नहीं रोक सकता।
"यह भाषण का समय नहीं, अपना सुझाव रखें"
रीवा. भारतीय जनता पार्टी कार्यालय अटल कुंज में शनिवार को कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारी बैठक हुई। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार चौहान ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक टिप्स दिए। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष झा ने कहा, यह भाषण का समय नहीं है। कार्यकर्ता अपना सुझाव रखें। इस दौरान आए सुझावों को कार्यक्रम में शामिल किया गया। झा ने सभी को जानकारी दी कि रीवा एवं शहडोल संभाग के पोलिंग स्तर तक के कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगे। सतना से 15 हजार बहनें सम्मेलन में आएंगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष सीधा संवाद करेंगे
सांसद नंद कुमार चौहान ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का मध्य प्रदेश में प्रवास चल रहा है। 15 अक्टूबर को एसएएफ ग्राउण्ड में सम्मेलन होगा। इसमें ग्राम केन्द्र एवं पालक संयोजक से राष्ट्रीय अध्यक्ष सीधा संवाद करेंगे। बैठक में मंत्री राजेन्द्र शुक्ल, सांसद जनार्दन मिश्रा, संभागीय संगठन मंत्री जीतेन्द्र लटोरिया, जिलाध्यक्ष विद्याप्रकाश श्रीवास्तव, पूर्व सांसद बुद्धसेन पटेल, विधायक दिव्यराज सिंह, अर्जुन सिंह चौहान, कमलेश्वर सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। संचालन जिला महामंत्री प्रबोध व्यास एवं अभार प्रदर्शन वीरेन्द्र गुप्ता ने किया।