
गांधी मेमोरियल अस्पताल (जीएमएच) में प्रसव के बाद महिला की मौत मामले में केंद्र सरकार तक मामला पहुंच गया है। इस मामले में प्रदेश के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य को पत्र भेजा गया है और पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी गई है। कल्पना मिश्रा और उनके नवजात शिशु की मौत के बाद हाल के दिनों का यह दूसरा मामला है जब केंद्र सरकार तक बात पहुंची है और राज्य सरकार से जवाब तलब किया गया है। बीते ११ अक्टूबर को 27 वर्षीय रचना रजक की मौत के मामले में सिरमौर निवासी सर्वेश सोनी ने शिकायत भेजकर उक्त मामले में जांच की मांग उठाई थी।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अधीन स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मध्यप्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र जारी किया है। शिकायत में कहा गया है कि गढ़ निवासी रचना रजक को प्रसव के लिए जीएमएच में भर्ती कराया गया था। सामान्य प्रसव के बाद चिकित्सकों ने परिजनों को बच्चेदानी में खराबी होने की जानकारी देते हुए ऑपरेशन की सलाह दी थी। परिजनों की सहमति के बाद ऑपरेशन कर बच्चेदानी निकाल दी गई। इसके बाद रचना को अत्यधिक रक्तस्त्राव होने लगा। उपचार के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। 11 अक्टूबर को उसकी मौत हो गई। हालांकि नवजात सुरक्षित रहा।
घटना के समय मृतका के रिश्तेदार संजय रजक और अन्य परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि अस्पताल में भर्ती कराने के समय रचना को कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। परिजनों ने यह आरोप भी लगाया कि उन्हें मौत की सूचना तत्काल नहीं दी गई और बाद में समझाइश देकर अंतिम संस्कार के लिए अस्पताल से रवाना कर दिया गया। उस दिन अस्पताल प्रबंधन ने मामले में खामोशी बरती लेकिन बाद में गायनेकोलॉजी की विभागाध्यक्ष डॉ. पद्मा शुक्ला की ओर से वस्तुस्थिति स्पष्ट कर बताया गया कि पूरे प्रयास किए गए लेकिन हालत गंभीर होने की वजह से बचाया नहीं जा सका। हालांकि इसके बाद परिजनों ने किसी तरह का अन्य आरोप नहीं लगाया है।
इससे पहले बीते 26 अगस्त को प्रसूता कल्पना मिश्रा व उसके नवजात की मौत के घटनाक्रम को लेकर भी सर्वेश सोनी ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और राष्ट्रीय महिला आयोग को शिकायत भेजी थी। शिकायत में अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए स्वतंत्र जांच की मांग की गई थी। कल्पना मिश्रा के जीवित अवस्था का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह चिल्ला रही थी कि हमें ये डॉक्टर मार डालेंगे। इसके बाद मौत हो गई तो हंगामा मच गया और कई दिनों तक विरोध प्रदर्शन चला।
अस्पताल की अव्यवस्थाओं को लेकर लगातार आ रहे मामलों को रोकने के लिए प्रबंधन ने मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध लगा दिया और मरीज के साथ एक परिजन को अनुमति दी गई। इससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है। यह प्रतिबंध अभी भी जारी है, हालांकि कुछ ढील देने का दावा किया जा रहा है। इन्हीं तमाम मामलों में जांच कराए जाने की मांग उठाई गई है। पूर्व में भी मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से कई मामलों में जवाब मांगे जा चुके हैं। आम लोगों के साथ ही मीडियाकर्मियों की आवाजाही पर कथित प्रतिबंध को संविधान के अनुच्छेद 19(1)(क) के तहत अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़ा मुद्दा बताया है।