20 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Madhya Pradesh / Satna / Satna Museum: इतिहास संभालते संभालते खुद इतिहास बनने की कगार पर पहुंचा रामवन का संग्रहालय

Satna Museum: इतिहास संभालते संभालते खुद इतिहास बनने की कगार पर पहुंचा रामवन का संग्रहालय

रामवन के तुलसी संग्रहालय में सैकड़ों साल पुरानी दुर्लभ किताबें और ऐतिहासिक धरोहरें बदहाली से जूझ रही हैं। CAG की चेतावनी के बाद भी हालात जस के तस हैं।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

सतना

•

image

Ramashankar Sharma

•

Updated: 20 Nov 2026, 11:20 AM IST

ramvan

सतना। एक किताब 1851 में हाथ से लिखी गई थी, जिसमें भगवान राम के जीवन से जुड़ी कहानियों के साथ खूबसूरत चित्र बने हैं। दूसरी किताब कालिदास के प्रसिद्ध काव्य मेघदूत की टीका है, जिसे मल्लिनाथ सूरी ने 1522 में लिखा था। बलभद्र भगवद्गीता की ऐसी मूल टीका भी यहां मौजूद है, जिसके बारे में CAG ने दर्ज किया कि इसकी मूल प्रति केवल इसी पुस्तकालय में उपलब्ध है। लेकिन विडंबना देखिए, इन अनमोल धरोहरों को सहेजने वाला रामवन का तुलसी संग्रहालय खुद बदहाली का शिकार है। पुस्तकालय वर्षों तक बंद रहा, दुर्लभ किताबें धूल और दीमक के बीच पड़ी रहीं और अब संग्रहालय का भवन भी इतना जर्जर हो चुका है कि उसे तोड़कर नया बनाने की जरूरत बताई गई है। करीब पांच साल पहले CAG की ऑडिट रिपोर्ट में उजागर हुई बदहाली के बाद अब नए भवन के निर्माण का प्रस्ताव आगे बढ़ाया गया है।

25 हजार किताबों का खजाना, लेकिन पुस्तकालय पर ताला

तुलसी पुस्तकालय में 25 हजार से अधिक पुस्तकों का संग्रह है। इनमें करीब 1250 हस्तलिखित पुस्तकें वैदिक अनुष्ठानों और विज्ञान से संबंधित हैं। CAG की वर्ष 2022 की रिपोर्ट के अनुसार, पुस्तकालय सितंबर 2018 से बंद था। निरीक्षण के दौरान वहां धूल, जाले और दीमक का प्रकोप मिला। भंडारण के विकल्प होने के बावजूद पुस्तकें खुले में बिखरी पड़ी थीं। कई किताबें दीमक से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थीं। दुर्लभ पुस्तकों की सुरक्षित अभिरक्षा के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था भी नहीं थी। यहां तक कि खरीदी गई नई पुस्तकों को अधिग्रहण पंजी में दर्ज नहीं किया गया था और उनका लेखा-जोखा भी नहीं मिला।

संग्रहालय की दीवारों और भवन तक पहुंची बदहाली

भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की मध्यप्रदेश संबंधी ऑडिट रिपोर्ट में सिर्फ पुस्तकालय ही नहीं, संग्रहालय के भवन की स्थिति पर भी सवाल उठाए गए थे। 9 नवंबर 2021 के निरीक्षण में दीवारों में दरारें, सीलन और दीमक का प्रकोप दर्ज किया गया। रिपोर्ट में भवन के रखरखाव में कमी को इसकी वजह बताया गया। अब सितंबर 2026 में किए गए स्थानीय प्रशासन के निरीक्षण में भी भवन की जर्जर स्थिति सामने आई है। उपलब्ध तस्वीरों में छत के हिस्से क्षतिग्रस्त, खंभों से प्लास्टर उखड़ा और दीवारों की अंदरूनी परतें खराब दिखाई दे रही हैं।

अब पुराने भवन को तोड़कर बनेगा नया

कलेक्टर के निर्देश पर 23 सितंबर को रामपुर बाघेलान के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने संग्रहालय का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने भवन को काफी जर्जर बताते हुए इसके कभी भी क्षतिग्रस्त होने की आशंका जताई। निरीक्षण प्रतिवेदन में पुराने भवन को तोड़कर उसी स्थान पर नया भवन बनाने की अनुशंसा की गई। एसडीएम ने 27 अक्टूबर को कलेक्टर को प्रतिवेदन सौंपा। इसके बाद कलेक्टर ने आयुक्त पुरातत्व अभिलेखागार एवं संग्रहालय मध्यप्रदेश भोपाल को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रस्ताव अग्रेषित किया है। फिलहाल नए भवन के निर्माण की स्वीकृति और बजट का इंतजार है।

विंध्य की पुरातात्विक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र

रामवन का तुलसी संग्रहालय सतना के प्रमुख विरासत स्थलों में शामिल है। संग्रहालय की स्थापना 1977 में हुई थी। यहां प्राचीन मूर्तियों के साथ टेराकोटा, भोजपत्र और ताड़पत्र पर तैयार सामग्री, तांबे के दुर्लभ सिक्के, ताम्रपत्र तथा सोने-चांदी की प्रतिमाएं भी संग्रहित हैं। यह संग्रहालय विंध्य क्षेत्र के इतिहास और कला परंपरा को समझने का महत्वपूर्ण केंद्र है। अब जरूरत सिर्फ नया भवन खड़ा करने की नहीं, बल्कि पुस्तकालय को फिर से शुरू करने, दुर्लभ पांडुलिपियों के वैज्ञानिक संरक्षण, पुरावशेषों की सुरक्षा और उनके बेहतर प्रदर्शन की भी है। पांच साल पहले ऑडिट में सामने आई कमियों के बाद भी यदि धरोहरों को नुकसान पहुंचा है तो नए भवन के साथ संरक्षण व्यवस्था की जवाबदेही भी तय करनी होगी