25 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Madhya Pradesh / Satna / राम की कर्मभूमि चित्रकूट से तय होगी मोहन सरकार की नई दिशा, 21-22 दिसंबर को चिंतन शिविर

राम की कर्मभूमि चित्रकूट से तय होगी मोहन सरकार की नई दिशा, 21-22 दिसंबर को चिंतन शिविर

राम की नगरी में जुटेगा का सत्ता-शासन का शीर्ष नेतृत्व, मंत्रियों के साथ मौजूद रहेंगे प्रदेश के आला अफसर, अगल दो साल की प्राथमकिताओं के ब्लू प्रिंट से तैयार होगी 2028 की सियासी राह
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

सतना

•

image

Ramashankar Sharma

•

Updated: 25 Nov 2026, 10:35 AM IST

chitrakoot

सतना। मध्यप्रदेश की मोहन सरकार अपने तीन साल के कार्यकाल का लेखा-जोखा तैयार करने और अगले दो वर्षों की प्राथमिकताएं तय करने के लिए चित्रकूट में दो दिवसीय चिंतन शिविर आयोजित करने जा रही है। 21 और 22 दिसंबर को होने वाले इस शिविर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में मंत्रियों के विभागीय कामकाज की समीक्षा होगी। खास बात यह है कि इस बार मंत्रियों को केवल उपलब्धियां गिनाने तक सीमित नहीं रहना होगा, बल्कि उन्हें अपने विभाग की चुनौतियों, अधूरे लक्ष्यों और आगामी दो वर्षों की कार्ययोजना का खाका भी प्रस्तुत करना होगा। माना जा रहा है कि इस कवायद का मकसद केवल बीते कार्यकाल की उपलब्धियां गिनना नहीं बल्कि यह तय करना भी है कि शेष कार्यकाल में सरकार किन लक्ष्यों को प्राथमिकता देगी और उन्हें जमीन पर उतारने की जिम्मेदारी किसकी होगी। प्रस्तावित चिंतन शिविर को लेकर संभागायुक्त रीवा शीलेन्द्र सिंह ने आज चित्रकूट पहुंच कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर डॉ सतीश कुमार एस, एसडीएम महिपाल सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।

जानकारी के अनुसार 13 दिसंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे हो रहे हैं। ऐसे में चित्रकूट का चिंतन शिविर राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले सरकार के पास अपने वादों को पूरा करने और विकास योजनाओं के परिणाम दिखाने का समय सीमित है। ऐसे में माना जा रहा है कि भाजपा के 2023 के संकल्प पत्र में किए गए वादों की प्रगति और अब तक अधूरे रह गए कामों को भी आगामी कार्ययोजना में प्राथमिकता मिल सकती है। राम की कर्मभूमि में आयोजित होने जा रहे इस शिविर में चित्रकूट समग्र विकास के लंबित कामों को भी गति मिल सकती है। इस चिंतन शिविर में मंत्रियों के साथ सभी विभागों के प्रमुख भी उपस्थित रहेंगे। शिविर का आयोजन चित्रकूट के आरोग्य धाम परिसर में होगा। हालांकि पहले शिविर के लिए ओरछा, चित्रकूट, खजुराहो, पचमढ़ी पर भी विचार किया गया था। लेकिन राम की कर्मभूमि चित्रकूट का चयन किया गया है।

मंत्रियों को बतानी होंगी अपनी बड़ी उपलब्धियां

जानकारी के अनुसार शिविर में सभी मंत्रियों को अपने विभाग की प्रमुख उपलब्धियों का प्रजेन्टेशन देना होगा। इसमें हासिल लक्क्ष्य, योजनाओं का लाभ कितना पहुंचा और अपेक्षित परिणाम मिले या नहीं इसकी भी जानकारी देनी होगी। इस दौरान आ रही बाधाओं और चुनौतियों की जानकारी देने के साथ ही इसके समाधान की राह भी बतानी होगी। इसके आधार पर अगले दो वर्षों की लक्क्ष्य आधारित कार्ययोजना भी प्रस्तुत की जाएगी। इसके आधार पर विभागवार मंथन करके सरकार की आगामी रणनीति तय की जाएगी।

भोपाल में अधिकारियों का होमवर्क, फिर चिंतन शिविर में प्रजेन्टेशन

चित्रकूट के चिंतन शिविर को लेकर राजधानी में पहले अफसर अपना होमवर्क करेंगे। 2 दिसंबर को चित्रकूट के चिंतन शिविर का ब्लूप्रिंट तैयार किया जाएगा। सिद्धी, साधना और संकल्प की थीम पर प्रदेश सरकार का लेखा जोखा और आगामी रणनीति तैयार की जाएगी। इसके बाद चित्रकूट में मंत्रियों के साथ मंथन किया जाएगा।

8 ग्रुपों के मंथन से निकलेगा अमृत

चिंतन शिविर में शामिल होने वाले मंत्रियों और अफसरों के लिए 8 ग्रुप बनाए जाएंगे। पहले प्रत्येक ग्रुप आपस में मंथन करेंगे। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, कृषि, उद्योग, रोजगार के क्षेत्र में आगामी दो वर्षों की प्राथमिकताओं का रोड मैप तैयार किया जाएगा।

मंत्रिमंडल में बदलाव की अटकलों के बीच अहम बैठक

चित्रकूट का चिंतन शिविर मंत्रियों के लिए विभागीय समीक्षा से आगे भी अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री के सामने उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना के जरिए अपनी कार्यक्षमता साबित करने की चुनौती होगी। राजनीतिक गलियारों में मंत्रिमंडल विस्तार या फेरबदल की संभावनाओं की चर्चा भी है। ऐसे में मंत्रियों के कामकाज का आकलन और उनकी विभागीय उपलब्धियों का ब्योरा महत्वपूर्ण हो सकता है। हालांकि मंत्रिमंडल में बदलाव को लेकर सरकार की ओर से कोई संकेत अभी तक नहीं दिए गए हैं।