हल्ला करने पर भागे, उचेहरा के पास हुई वारदात, कटनी में दर्ज की गई एफआइआर, ट्रेन में पहले से सवार थे लुटेरे
सतना. पटना से चलकर सतना के रास्ते सिकंदराबाद को जाने वाली गाड़ी 12792 सिकंदराबाद एक्सप्रेस में चेन पुलिंग कर यात्रियों के साथ लूट करने का मामला सामने आया है। यह तो गनीमत रही कि यात्रियों के हल्ला करने पर बदमाश भाग निकले और बड़ी घटना होते-होते बची। उचेहरा रेलवे स्टेशन के पास हुई इस वारदात के बाद ट्रेन के कटनी पहुंचने पर जीआरपी ने अटैंड किया। यात्रियों से पूछताछ के बाद प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार, सिकंदराबाद एक्सप्रेस सतना से जैसे ही छूटी और उचेहरा स्टेशन के नजदीक पहुंची तभी ट्रेन में पहले से बैठे बदमाशों ने चैन पुलिंग कर दी। ट्रेन के धीमे होते ही ट्रेन के दो कोचों में बदमाश सक्रिय हो गए और महिला यात्रियों के साथ चैन स्नेनिंग करने लगे। बदमाशों की हकरकत देख कोच में बैठे यात्रियों ने हल्ला मचाना शुरू किया। यात्रियों ने जैसे ही हंगामा शुरू किया तो बदमाशों का हौंसला पस्त हुआ और वे भाग गए। यात्रियों ने टीसी स्टॉफ को घटना की जानकारी दी। इसके साथ ही सूचना रेलवे कंट्रोल को पहुंची। इस वारदात के बाद से यात्रियों में दहशत का माहौल बन चुका था।
दो कोच में वारदात
बताया गया है कि बदमाशों ने ट्रेन के दो कोच में यात्रियों से लूट का प्रयास किया। कोच एस-3 की बर्थ 55 में यात्रा कर रही फरजाना बेगम निवासी तेलंगाना के साथ वारदात को अंजाम दिया गया। फरजाना बनारस से तेलंगाना जा रहीं थी। उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया गया। हालांकि इस दौरान मांगलसूत्र का कुछ हिस्सा वहीं पर टूट कर गिर गया। फरजाना खिड़की खोलकर सो रही थी। इसी का फयादा बदमाशों ने उठाया। मंगलसूत्र में सोने की बीस गुरिया थीं, जिसमें 5 गायब हैं। इसी तरह कोच एस-1 में यात्रा कर रहीं नागपुर निवासी संगीता के गले में भी एक बदमाश ने झपट्टा मारा, लेकिन महिला ने सतर्कता से उसका हाथ झटक दिया और वारदात होते-होते बची।
कटनी में हुई पूछताछ
ट्रेन गुरुवार और शुक्रवार की रात डेढ़ बजे कटनी पहुंची जहां पर जीआरपी ने अटेंड किया। यात्रियों से पुलिस ने पूछताछ की। वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के हुलिया के बारे में जाना। यात्रियों का कहना था कि आरोपी पहले से ही ट्रेन में मौजूद थे, जिन्होंने चैन पुलिंग कर वारदात को अंजाम दिया। जैसे ही ट्रेन धीमी हुई तो लूटपाट करने लगे। जांच के बाद जीआरपी इसे चोरी करने का मामला मान रही है।
"ट्रेन में चैन पुलिंग कर खिड़की से अज्ञात बदमाशों द्वारा चैन स्नेचिंग कर वारदात करने का मामला सामने आया है। एक महिला घटना का शिकार हुई है। यात्रियों से पूछताछ के बाद धारा ३56, 380 आइपीसी के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना के लिए केस डायरी सतना जीआरपी को भेज दी गई है।"
डीपी चड़ार, टीआइ थाना जीआरपी, कटनी