
सतना/ चित्रकूट स्थित भगवान कामतानाथ स्वामी के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अपेक्षित व्यवस्थाएं सुचारू नहीं हो पाने और सभी मठ-मंदिरों की आड़ में हो रही वसूली से अब स्थानीयजन भी आजिज आ चुके हैं। यहां के लोग कहने लगे हैं कि मध्यप्रदेश कामदगिरि धाम चित्रकूट अधिनियम 2009 को लागू किया जाए। यह अधिनियम शासन के पास 2009 से अटका पड़ा है। उसमें जो भी संशोधन और पूर्ति की जानी है जिला प्रशासन उसे तत्काल पूरा कर यहां के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों को एक शासकीय व्यवस्था में ले आए, ताकि यहां मैहर की तर्ज पर विकास हो सके।
हालांकि इस दिशा में राजस्व अमला भी शुरुआत कर चुका है। अधिनियम की नस्तियां बाहर निकाल कर उसका अध्ययन किया जा रहा है। चित्रकूट के समाजसेवी और इस अधिनियम के निर्माण के वक्त इसे करीब से देखने वाले ध्रुवदत्त पाण्डेय बताते हैं कि चित्रकूट के जितने भी प्रमुख धार्मिक महत्व के दर्शनीय स्थल हैं सभी के प्रबंधक कलेक्टर है। चाहे वह कामतानाथ मंदिर हो या फिर गुप्त गोदावरी व हनुमान धारा। सरकारी मशीनरी की अनदेखी के चलते इन सबमें निजी हस्तक्षेप काफी बढ़ गया है।
दर्शनार्थियों के दान से होने वाली लाखों की आय कुछ छद्म लोग निजी उपयोग में कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यहां तो कुछ छद्म लोग ऐसे हैं कि मंदिरों से होने वाली आय से निजी जमीनें खरीद रहे हैं। जबकि महंत बनने के बाद सब कुछ मंदिरों और भगवान के नाम पर होना चाहिए। ऐसे में अब जरूरी हो गया है कि यहां कलेक्टर प्रबंधक वाले सभी मठ मंदिरों को एकीकृत करते हुए मैहर के मां शारदा मंदिर की तरह एक शासकीय ट्रस्ट बनाया जाए।
पाण्डेय ने बताया कि तत्कालीन कलेक्टरों ने शासन के निर्देश पर मध्यप्रदेश कामदगिरि धाम चित्रकूट अधिनियम 2009 तैयार किया था। इसमें यहां के प्रमुख धार्मिक महत्व के मंदिरों को एकीकृत करते हुए शासकीय ट्रस्ट तैयार करने का पूरा खाका खींचा गया था। यह व्यवस्था लागू होने पर चित्रकूट के धार्मिक महत्व के क्षेत्रों का न केवल व्यापक विकास और विस्तार हो सकेगा बल्कि यहां होने वाले आयोजनों की की व्यवस्था भी बेहतर हो सकेगी। हम जल्द ही इस मामले में कलेक्टर को ज्ञापन सौंप इस अधिनियम को लागू करने की पहल की मांग करेंगे।
सीएमओ तक पहुंचे आवेदन
सीएमओ रमाकांत शुक्ला ने भी स्वीकार किया कि उनके पास स्थानीय लोगों के इस आशय के पत्र आए हैं कि यहां के मठ मंदिरों को एक शासकीय ट्रस्ट में समाहित किया जाए। इससे न केवल नगर पंचायत का बोझ हल्का हो सके बल्कि धर्मस्थलों को व्यवस्थित करने में वित्तीय व्यवस्था आड़े न आए।
तहसीलदार ने भी निकाला अधिनियम
मामले में तहसीलदार गणेश देशभ्रतार ने कहा कि उन्हें भी कामदगिरि धाम चित्रकूट अधिनियम 2009 की जानकारी मिली है। इसे मार्क किया गया है और इसका अध्ययन किया जा रहा है। इसके बाद देखा जाएगा कि इन प्रमुख मठ मंदिरों की क्या स्थिति है। उसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों का जो निर्देश होगा उसके अनुरूप आगे की रूपरेखा तय की जाएगी।