सतना

जनता की हां-ना से तय होगी शहर की रैंकिंग, हां में जवाब दिया तो मिलेंगे 1000 अंक

शहर की रैंकिंग सुधारने टोल फ्री नंबर 1969 पर दे सकते हैं फीडबैक

2 min read
Jan 07, 2018
Cleanliness survey -2018 in satna madhya pradesh
Cleanliness survey -2018 in satna madhya pradesh

सतना। शहर को देश का नंबर एक स्वच्छ शहर बनाने के लिए निगम प्रशासन पूरी ताकत से लगा है। शहर की रैंकिंग सुधारने की जिम्मेदारी अब जनता के फीडबैक पर निर्भर है। केंद्र सरकार के स्वच्छता सर्वेक्षण-2018 में फीडबैक की लिंक खुल गई है।

सर्वे में कुल 4000 अंकों में से 1400 अंक (35 प्रतिशत) जनता के फीडबैक से मिलने हैं। इसमें से 400 अंक नगर निगम ने सर्वे के मानक (एप डाउनलोड) से पूरे कर लिए हैं। अब 1000 अंकों के लिए हमें केंद्र के टोल फ्री नंबर 1969 पर फोन करना होगा।

लिंक खोलकर फीडबैक

वहां से कुल 6 सवाल किए जाएंगे। इन सवालों के जवाब पर ही रैंकिंग निर्भर होगी। यदि रहवासियों ने सभी सवालों के जवाब हां में दिए तो शहर को 1000 अंक मिलेंगे। स्वच्छ भारत मिशन की वेबसाइट पर भी लिंक खोलकर फीडबैक दिया जा सकता है। यदि आपके फीडबैक से शहर को चार हजार नंबरों के सर्वे में यह एक हजार नंबर मिलें तो शहर की रैंक पिछले साल से सुधर सकती है।

यह होंगे छह सवाल
- क्या आपको जानकारी है कि आपका शहर स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 में भाग ले रहा है?
- यदि आपने हां में जवाब दिया तो ननि को 175 अंक सीधे मिल जाएंगे।

- क्या पिछले साल की अपेक्षा शौचालय की संख्या बढ़ी है?
- यदि हां में जवाब मिला तो 150 अंक मिलेंगे। यदि कहा कि कुछ बढ़े हैं तो 70 अंक। कोई परिवर्तन नहीं कहा तो 30 अंक और व्यवस्था ही नहीं है तो शून्य अंक मिलेंगे।

- क्या सार्वजनिक व सामुदायिक शौचालय पहले की अपेक्षा ज्यादा साफ हैं?
-यदि आपने कहा कि पहले से बेहतर हैं तो 175 अंक। थोड़ा बेहतर है कहा तो 135 नंबर और बहुत ज्यादा सुधार नहीं है कहा तो ९० और पिछले साल से खराब है कहा तो शून्य अंक मिलेंगे।

- क्या आप इस साल गीला-सूखा कचरा संग्रहण से संतुष्ट हैं?
- इस सवाल के 175 अंक हैं। यदि आपने जवाब दिया कि पिछले साल से बेहतर है, कोई शिकायत नहीं तो पूरे अंक मिलेंगे। थोड़ा बेहतर है कहा तो 90 अंक। पहले जैसा है तो 45 अंक और यदि जवाब दिया कि कोई डोर-टू-डोर सिस्टम नहीं है तो कोई अंक नहीं मिलेंगे।

- क्या व्यावसायिक क्षेत्रों में लगे छोटे डस्टबिन का उपयोग आपने शुरू कर दिया है?
- इस सवाल के जवाब में यदि आपने कहा, हां बहुत उपयोगी है तो 150 अंक मिलेंगे। यदि कहा कि थोड़ा बहुत तो 70 अंक और उपयोग नहीं करत कहा तो कोई अंक नहीं मिलेगा।

- आपका क्षेत्र पिछले साल की अपेक्षा ज्यादा साफ है?
- यदि आपने कहा कि बहुत साफ है तो 175 अंक, पहले से बेहतर है तो 135 अंक, थोड़ा बेहतर है कहा तो 90 अंक मिलेंगे। यदि यह कहा कि कोई परिवर्तन नहीं है तो 35 अंक मिलेंगे। लेकिन यदि यह कहा कि खराब है तो कोई अंक नहीं मिलेगा।

Published on:
07 Jan 2018 03:43 pm