सतना

सर्वे से पहले स्वच्छता रैंकिंग में सतना टॉप-3 से बाहर, जानिए कहां हुई चूक

स्वच्छता एप डानलोडिंग में तीन स्थान फिसली रैंकिंग...
2 min read
• •
Updated: 24 Jan 2018, 3:41 PM IST
Cleanliness Survey: Top 5 Cities in the Country
Cleanliness Survey: Top 5 Cities in the Country

सतना। स्वच्छता सर्वे शुरू होने से ठीक पहले नगर निगम प्रशासन को एप डाउनलोडिंग के मामले में बड़ा झटका लगा है। एप आधारित स्वच्छता में दो सप्ताह से एक से दस लाख की आबादी वाले शहरों की लिस्ट में प्रथम स्थान पर रहने के बाद बीते दो दिनों में शहर की स्वच्छता रैंक में तीन स्थान की गिरावट आई है।

सोमवार को जहां तिरुपति ने छलांग लगाते हुए सतना को दूसरे स्थान पर ढकेल दिया था, तो मंगलवार को छिंदवाड़ा और पाली तीन हजार अंकों की उछाल के साथ सतना को तीन पायदान नीचे ढकेल दिया।

31 तक बढ़ी डाउनलोडिंग की तारीख
केंद्र द्वारा स्वच्छता का जो नया शेड्यूल जारी किया गया है उसमें स्वच्छता एप डाउनलोडिंग की तिथि 31 कर दी गई है। इस दौरान जो शहर एप आधारित स्वच्छता में अच्छे अंक अर्जित करेंगे उसी के आधार पर उनकी रैंकिंग तय की जाएगी।

हो सकता है टॉप 10 से भी बाहर

एेसे में यदि निगम प्रशासन ने एप डाउनलोडिंग एवं फीडबैक में तेजी लाने लोगों को जागरुक नहीं किया तो अपना शहर एप आधारित रैंकिंग में टॉप 10 से भी बाहर हो सकता है। गौरतलब है, एक माह तक नंबर एक एवं दो पर रहने वाले मंदसोर एवं नीमच रैंकिंग में टॉप 30 से भी बाहर हो गए हैं।

कागजी स्वच्छता में अधिक ध्यान
सर्वेक्षण की तैयारी में जुटा ननि प्रशासन स्वच्छता रैंक सुधारने जी-जान से जुटा है। एप के अनुसार शहर में सफाई नजर नहीं आ रही। निगम प्रशासन के अधिकारी जमीनी स्वच्छता की बजाय कागजी स्वच्छता में अधिक ध्यान दे रहे हैं।

देश के टॉप-5 शहर
शहर कुल अंक
- छिंदवाड़ा 85815
- पाली 85013
- तिरुपति 84653
- सतना 83414
- सागर 50390

पब्लिक फीडबैक में इंदौर ने चंडीगढ़ को पछाड़ा
स्वच्छता सर्वे 2018 के तहत पब्लिक फीडबैक के मामले में इंदौर ने चंडीगढ़ को पछाड़ दिया है। करीब 34 हजार फीडबैक के साथ इंदौर अब देश के सर्वाधिक पब्लिक फीडबैक देने वाले शहरों की सूची में दूसरे नंबर पर आ गया है। इससे पहले इंदौर के 28 हजार और चंडीगढ़ के 29 हजार लोग फीडबैक दे चुके थे। दो दिन में इंदौर से काफी लोगों ने कॉल किए।

Published on: