सतना

सीएम मोहन यादव ने ‘मां शारदा लोक’ को दी हरी झंडी, सरकारी खर्च पर होगा आल्हा-ऊदल को लेकर कार्यक्रम

Maa Sharda Lok: रामनवमी के अवसर में प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव मैहर और चित्रकूट पहुंचे थे। उन्होंने मैहर में 775 करोड़ रुपए में बनने वाले प्रस्तावित मां शारदा लोक के निर्माण को मंजूरी दे दी।

2 min read
Apr 07, 2025

Maa Sharda Lok: रामनवमी के पावन अवसर पर मैहर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विंध्य क्षेत्र को बहुप्रतीक्षित सौगातें दीं। उन्होंने ‘मां शारदा लोक’ परियोजना को मंजूरी देने के साथ ही मैहर में आल्हा-ऊदल की वीरगाथाओं पर सालभर कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की, जिसका पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकाल लोक की तर्ज पर अब मैहर को भी अद्वितीय धार्मिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा, "हम अपने आराध्य के धाम को जगमगाएंगे, ये हमारा संकल्प है।"

बरगी नहर परियोजना को मिली रफ्तार

सीएम ने कहा कि बरगी हैडैम से नर्मदा का पानी इस साल के कैलेंडर बदलने से पहले सतना और मैहर के खेतों में पहुंचेगा। "यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिया गया वचन है," उन्होंने कहा। उन्होंने 5 साल में सिंचाई क्षेत्र को 7 लाख हेक्टेयर से बढ़ाकर 55 लाख हेक्टेयर करने की बात भी कही और 1 करोड़ हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया।

MSP पर कांग्रेस पर हमला, किसानों के लिए सौगात

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा, "55 साल में कांग्रेस गेहूं का दाम 94 से सिर्फ 500 तक बढ़ा सकी, हमने 20 साल में 2 हजार रुपए बढ़ाए।" उन्होंने किसानों को मुफ्त सोलर पंप देने की घोषणा की और कहा कि अतिरिक्त बिजली खरीदकर किसानों को भुगतान भी किया जाएगा।

लोक संस्कृति को सम्मान, कलाकारों को 50-50 हजार रुपए

आल्हा की 1300वीं जयंती पर सीएम ने लोक कलाकारों की वीर रस से भरपूर प्रस्तुति से प्रभावित होकर सभी मंडलियों को 50-50 हजार रुपए देने की घोषणा की।

चित्रकूट में दीपों की गूंज, रामनवमी पर भव्य आयोजन

सीएम ने चित्रकूट पहुंचकर कामतानाथ मंदिर में पूजा की और भरतघाट पर आयोजित गौरव दिवस दीपोत्सव में भाग लिया। पूरे चित्रकूट में 11 लाख दीप जलाकर पर्व को ऐतिहासिक बना दिया गया। दो रूसी पर्यटक नेली और नताल्या भी आयोजन में शामिल हुईं।

शराबबंदी पर मिला जनसमर्थन

सीएम ने कहा, “जहां शराब की दुकानें थीं, वहां अब दूध की दुकानें हैं। यह हमारी नीयत और नीति का प्रमाण है।” रोड शो में लोगों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया और शराबबंदी के लिए धन्यवाद कहा।

जनप्रतिनिधियों में असंतोष भी उभरा

जिला पंचायत सदस्यों को मंच तक न जाने देने पर नाराजगी जताई गई। सदस्य देवदत्त सोनी ने भाजपा जिलाध्यक्ष को लिखित शिकायत भी दी।मैहर और चित्रकूट के इस दौरे में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धार्मिक, सांस्कृतिक और विकास के एजेंडे को एकसाथ आगे बढ़ाया, जिससे पूरे विंध्य क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।

Published on:
07 Apr 2025 09:19 am
Also Read
View All

अगली खबर