
सतना। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी सतना यात्रा के दौरान कांग्रेस को लगातार निशाने पर रखा। कहा, कांग्रेस के जमाने में तो मुद्दा तब बनता जब 24 घंटे में 4 घंटे भी बिजली नहीं मिलती थी। लेकिन अब स्थिति यह है कि दो घंटे बिजली चली जाती है तो मुद्दा बन जाता है। कांग्रेसियों की एकता पर व्यंग्य कसते हुए कहा, जिस तरह बाढ़ में फंसे सांप, बिच्छू, बंदर, आदमी किसी पर हमला नहीं करते क्योंकि उन्हें मालूम होता है कि अगर हमला किया तो बाढ़ में डूब जाएंगे।
लेकिन जैसे ही बाढ़ हटती है तो सब एक-दूसरे पर हमला करने लगते हैं। ठीक उसी तरह कांग्रेस ने भी देखा कि भाजपा आई। ऐसे में मर जाएंगे। इसलिए इकट्ठा हो गए। जैसे ही परिणाम आ जाएंगे एकता भी टूट जाएगी। कांग्रेस के जमाने में भी पैसा था, बजट था। लेकिन इन्होंने न बिजली दी, न सड़क बनाई और न पानी दिया। अब अगर आ गए तो तबाह कर देंगे।
अमदरा में स्वागत
अमदरा मंडल से अध्यक्ष चंद्रभान पटेल, महामंत्री रमाकांत दुबे, दिलीप सिंह व युवा मोर्चा अध्यक्ष पुष्पेंद्र चतुर्वेदी के नेतृत्व में सैकड़ों लोग शामिल हुए। युवा कार्यकर्ता जोरदार बारिश के बावजूद अमदरा से बाइक रैली के रूप में मैहर पहुंचे। यहां बारात घर से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का भव्य स्वागत किया गया।
रथसभा का कलश से स्वागत
सीएम ने पूरे मार्ग पर जगह-जगह रथ सभाएं कीं। इन सभाओं ने लिए लोग अपने गांव के आगे इकट्ठा रहे। महिलाएं जहां कलश लेकर सीएम की अगवानी कर रही थीं तो स्थानीय जन अपनी समस्याओं की तख्तियां लिए भी कई स्थानों पर दिखे। सबसे ज्यादा उत्साह तो रामपुर बाघेलान क्षेत्र की यात्रा में दिखा। रामपुर क्षेत्र में जिपं सदस्य उमेश प्रताप सिंह ने व्यवस्था की थी।
किरहाई के लिए आएगी विशेष टीम
सीएम के साथ चल रहे सांसद गणेश सिंह ने गोरसरी घाट से अमरपाटन छोर के किरहाई बांध को दिखाते हुए बताया कि इसे अगर व्यवस्थित कर दिया जाए तो यह एक बड़ा बांध बन सकेगा। पीने के लिए पर्याप्त पानी मिल सकेगा। इस पर सीएम ने अधिकारियों को इस प्वॉइंट को नोट करने के साथ ही कहा कि टीम भेज कर इसका परीक्षण करवाएंगे।
बारिश के बाद भी भारी भीड़
यात्रा की शुरुआत बारिश के बीच हुई। सुबह जैसे ही अपनी यात्रा की शुरुआत करने के लिए वे मां शारदा के दर्शन को निकले तो तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच ही उन्होंने मां शारदा के दर्शन कर आरती उतारी। बारिश के मद्देनजर कार्यक्रम को तय समय से थोड़ा आगे बढ़ाया गया। जैसे ही बारिश थमी तो मैहर की सभा में काफी भीड़ जमा हो गई। बारिश और कीचड़ के बीच भी भीड़ का उत्साह देखते बना। यहां सीएम के आने के पहले गीत-संगीत का कार्यक्रम भी रखा गया था। देवी गीतों की विख्यात गायिका शहनाज अख्तर ने गीतों से लोगों को मंत्रमुग्ध किए रखा। यहां भीड़ इकट्ठा करने का जिम्मा विधायक नारायण त्रिपाठी पर था। सबसे ज्यादा भीड़ रामनगर की सभा में दिखी। यात्रा प्रभारी रत्नाकर चतुर्वेदी रहे। यहां भी बारिश के बीच भीड़ की रेकॉर्ड उपस्थिति देखने को मिली। अमरपाटन में भी देर शाम होने के बाद भी काफी भीड़ रही। रामपुर बाघेलान सभा की व्यवस्था की जिम्मेदारी नपं अध्यक्ष विक्रम सिंह की रही। रात 9 बजे के बाद झमाझम बारिश के बीच भी यहां भीड़ काफी संख्या में मौजूद रही।
जब सीएम को पार्षदों ने रोका
रामनगर पहुंचने पर भाजपा के तीन-चार पार्षदों ने पार्षद सुमन पयासी के नेतृत्व में स्थानीय जनता के साथ सीएम को ज्ञापन सौंपा। उनकी शिकायत थी कि भाजपा के ही नपं अध्यक्ष वर्ग विशेष के अलावा अन्य के वार्डों में काम ही नहीं कराते। इस पर सीएम ने उनकी बात समझी और मौके को देखने के बाद समझाइश दी।
सोनवारी- नादन में उमड़े लोग
मैहर में सीएम शिवराज सिंह चौहान का स्वागत करने नादन, रिगरा, जरियारी, बरहिया सहित कई गांवों से हजारों लोग पहुंचे। ग्राम पंचायत सोनवारी में यात्रा का ग्रामवासियों द्वारा कैलाश द्विवेदी की अगुवाई में पंचायत भवन मैदान में स्वागत किया गया। इस मौके पर सत्यमित्र सिंह, पूर्व समित अध्यक्ष बृदावन सिंह, खेल संयोजक सुमेर द्विवेदी, आशीष द्विवेदी, पंचायत सचिव रमेश विश्वकर्मा, पंचायत सरपंच हेतराम रावत, जयपाल सिंह, हलका पटवारी दिवाकर मिश्रा, मुकेश बडग़ैइया, रामसिंह पटेल, राकेश चतुर्वेदीशामिल है।
100 से ऊपर वाहनों का काफिला
सीएम की रथयात्रा में वाहनों का लंबा काफिला देखने को मिला। हालाकि काफिले में सीएम सिक्योरिटी का प्रोटोकाल कई जगह छिन्न-भिन्न होता दिखा और कारकेड के वाहन भी तय तरीके से नहीं चल सके। हालांकि सीएम के कारकेड को लेकर सीएम सिक्योरिटी द्वारा चालकों को सर्किट हाउस में तमाम नियम कायदे बताए गए थे लेकिन उत्साही समर्थकों के आगे तमाम हिदायत धरी रह गईं। काफिले में चल रहे दो वाहनों की टक्कर भी रामनगर से अमरपाटन के बीच हुई। इस वजह से एक इनोवा वाहन का ड्राइवर साइड का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि यह पता नहीं चल सका कि यह वाहन किसका था।
रामनगर: पिछली बार जैसी गलती मत करना
सीएम ने कहा कि मैंने अच्छा काम किया है तो मुझे आशीर्वाद देना। पिछली बार जैसी गलती मत करना। कांग्रेस विधायक ने कोई काम नहीं किया। यदि किया होता तो रामनगर पीछे नहीं होता। माइक्रो सिंचाई परियोजना से 50 हजार एकड़ में सिंचाई होगी। इसे मैंने डेढ़ साल पहले मंजूरी दी थी। प्याज जमीन के ऊपर होता है या नीचे, जिन्हें ये नहीं पता वो किसान की बात करते हैं। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि बजट तुम्हारे पास भी था। तुमने किया क्या, बाणसागर तक तो नहीं बनाया। अब घोषणाएं नहीं करूंगा क्योंकि डेढ़ महीने में आचार संहिता लग जाएगी। घोषणाएं अधूरी रह जाएंगी। अंत में कलाकारों की मंडली को सम्मान स्वरूप 25 हजार रुपए देने की घोषणा की।
विस उपाध्यक्ष को लिया निशाने पर
मुख्यमंत्री ने रामनगर और अमरपाटन की जनसभा में सीधा हमला अमरपाटन विधायक डॉ. राजेन्द्र कुमार सिंह पर किया। बिना नाम लिए कहा कि पिछली बार कांग्रेस के विधायक ने कोई काम नहीं किया। अगर किया होता तो रामनगर पीछे नहीं होता। माइक्रो सिंचाई परियोजना से 50 हजार एकड़ में सिंचाई होगी। मैंने डेढ़ साल पहले मंजूरी दी। कांग्रेस ने 50 साल में क्या किया? अमरपाटन में लाइट के लिए क्या किया। किसानों की जितनी सहायता मैंने और भाजपा ने की, किसी भी सरकार ने नहीं की। अब कांग्रेसी आ गए किसान-किसान करते हुए। जिन्हें यह पता नहीं कि प्याज जमीन के ऊपर होता है या नीचे वो किसान की बात करते हैं। इस दौरान उन्होंने इओडब्ल्यू में चलने वाले मामले का भी जिक्र किया। घेराबंदी करते हुए कहा कि बजट होने के बाद भी बाणसागर तक तो नहीं बनाया। अभी घोषणाएं नहीं करूंगा, क्योंकि डेढ़ महीने में आचार संहिता लग जाएगी और घोषणा अधूरी रह जाएगी। बोलूंगा अभी करूंगा चुनाव के बाद। यहां अंत में कहा कि अगर मैंने अच्छा काम किया है तो मुझे आशीर्वाद देना पिछली बार जैसी गलती मत करना।