सतना

MP-UP की तराई से हुआ डकैतों का सफाया, अब टारगेट पर 5.50 लाख का इनामी बबुली गिरोह

एसपी का दावा: नवल गिरोह के दो सदस्य और पकड़े गए, अब इलाके से दस्यु का सफाया

3 min read
Mar 05, 2018
dacoit gangs eliminated from satna district MP-UP dacoit news in hindi

सतना। मप्र और उप्र के सीमाई इलाकों में सक्रिय रहे डकैतों में नवल गिरोह का पूरी तरह सफाया कर लिया है। अब सतना जिले की सीमा में लगातार हरकत करने वाले दस्यु दल नहीं बचे। रविवार को एसपी राजेश हिंगणकर ने दो बदमाशों को पेश करते हुए दावा किया। उन्होंने कहा, डकैत नवल धोबी के पकड़े जाने के बाद गिरोह के बाकी दो सदस्यों को भी गिरफ्तार करते हुए गिरोह की बंदूकें बरामद कर ली गई हैं।

अब साढ़े 5 लाख का इनामी डकैत बबुली कोल बचा है। जो मूल रूप से उप्र सीमा क्षेत्र का डकैत है। उस पर भी टॉरगेट फिक्स किया गया है। उसे दोनों राज्यों की पुलिस मिलकर घेरेगी। एसपी की कॉफ्रेंस के दौरान एएसपी गुरुकरन सिंह, सीएसपी वीडी पाण्डेय, सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र पटेल मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें

MP के इस जिले में अन्नदाता को मिली 93 करोड़ रुपए की सूखा राहत

शेष बचे डकैतों को पकडऩे का प्रयास जारी

एसपी हिंगणकर के मुताबिक, करीब एक माह से शेष बचे डकैतों को पकडऩे का प्रयास जारी था। रविवार तड़के मुखबिर से सूचना मिली कि डकैत नवल धोबी गिरोह के बचे दो सदस्य चित्रकूट क्षेत्र में थरपहाड़ से लगे झूरी नाला में हथियारबंद हालत में हैं। वे किसी घटना को अंजाम देने के लिए घूम रहे हैं।

झूरी नाला के पास दो हथियार बंद बदमाश देखे

खबर मिलने के बाद दो टीमें बनाईं गईं। उनमें एक टीम का नेतृत्व एसडीओपी आलोक शर्मा व दूसरी टीम का नेतृत्व नयागांव थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी को दिया गया। दोनों टीमें सर्चिंग के दौरान झूरी नाला के पास दो हथियार बंद बदमाश देखे और आत्मसमर्पण के लिए ललकारा।

बदमाशों ने पुलिस के सामने समर्पण कर दिया

खुद को चौतरफा घिरा देख बदमाशों ने पुलिस के सामने समर्पण कर दिया। पकड़े गए बदमाशों में पप्पू उर्फ राजकुमार पुत्र शिवकुमार रैदास (26) निवासी लखनपुर थाना बहिलपुरवा जिला कर्बी उप्र व दूसरा कैलाश कहार उर्फ अजय पुत्र रामनरेश कहार (21) निवासी सेजवार थाना नयागांव जिला सतना का होना बताया गया है। दोनों ने खुद को नवल गिरोह का सदस्य होना बताया है।

दस हजार के इनामी थे दोनों
पकड़े गए दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए एसपी ने 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। एसपी ने बताया कि दोनों बदमाश नयागांव थाना के अपराध क्रमांक 162/17 में लिप्त रहे। इनमें पप्पू के कब्जे से 315 बोर की बंदूक व एक बंदूक 12 बोर की कैलाश उर्फ अजय के पास से जब्त की गई है। इनसे गिरोह के अन्य सदस्यों व गिरोह के हथियारों के बारे में जानकारी ली गई, तो दोनों ने बताया कि बटोही गांव के पास एक सुनसान जगह पर दो बंदूकें छिपाकर रखी हुई हैं। एेसे में इनकी निशानदेही पर से दो अन्य 315 बोर की बंदूकों को जब्त किया गया।

किसकी किस्मत जोरदार, कामतानाथ जाने
एसपी हिंगणकर ने कहा कि दस्यु बबुली कोल को घेरने के लिए जंगल के सभी जलस्रोतों पर नजर रखी जा रही है। आने वाले वक्त में सिर्फ चार जलस्रोत ही एेसे बचेंगे, जहां से डकैतों को पानी मिल सकेगा। इन स्रोतों को चिह्नित कर पुलिस की नजर बनी हुई है।

अपना नेटवर्क मजबूत

तराई के सीमाई इलाके में पुलिस ने अपना नेटवर्क मजबूत कर लिया है। एेसे में मप्र की ओर दस्यु बबुली के हर मूवमेंट की खबर मिलेगी। बकौल एसपी, रीवा, चित्रकूट और सतना, तीनों जिलों की पुलिस के टारगेट पर बबुली गिरोह है। किसकी किस्मत जोरदार है यह कामतानाथ ही जाने।

आज तक की पुलिस रिमांड
पकड़े गए दोनों डकैतों को अपराध क्रमांक 162/17 में धारा 364 ए व 11/13 एडी एक्ट में रविवार की दोपहर साढ़े 4 बजे पुलिस ने अदालत में पेश किया। वहां से दोनों का सोमवार 5 मार्च की दोपहर तक पुलिस रिमांड स्वीकृत किया गया है। सोमवार की दोपहर नयागांव थाना पुलिस दोनों बदमाशों को अदालत में पेश करेगी।

डकैत गोप्पा का साथी गिरफ्तार
उधर, उप्र की मानिकपुर थाना पुलिस ने डकैत गोप्पा गैंग के सक्रिय सदस्य 30 हजार रुपए के इनामी अनूप कोल को गिरफ्तार किया है। इसके कब्जे से एक तमंचा व कारतूस जब्त करते हुए कार्रवाई की गई है। उप्र पुलिस का कहना है कि गोप्पा के पकड़े जाने के बाद अनूप इलाके में अपराध की योजना बना रहा था।

ये भी पढ़ें

एमपी सीमा क्षेत्र से हुआ डकैतों का सफाया, ये है एसपी का दावा
Published on:
05 Mar 2018 12:51 pm
Also Read
View All