सतना

घर-बैंक लॉकर में चांदी के बर्तन और 810 ग्राम गोल्ड मिला, नागपुर में भी लॉकर होने की आशंका

रिटायर्ड इइ केपी तिवारी के घर आर्थिक अपराध ब्यूरो की कार्रवाई
2 min read
• •
Updated: 8 Sep 2018, 12:59 PM IST
eow team raided in satna and kp tiwari jabalpur home
eow team raided in satna and kp tiwari jabalpur home

सतना। जल संसाधन विभाग के सेवानिवृत्त कार्यपालन यंत्री केपी तिवारी के कटंगा एपीआर कॉलानी स्थित बंगले की लगातार तीसरे दिन सर्चिंग करने पहुंची आर्थिक अपराध ब्यूरो की टीम को 45 हजार रुपए नकदी और 30 ग्राम सोने की चेन व अंगूठी मिली।

वहीं कटंगा स्थित इलाहाबाद बैंक, धोबीघाट स्थित सेंट्रल बैंक और मढ़ाताल स्थित ओरिएंटल बैंक के तीन लॉकरों से 780 ग्राम सोने के जेवर और लगभग इतना ही चांदी के बर्तन, सिक्के, मूर्ति आदि मिले हैं। इइ का एक लॉकर नागपुर में भी होने की बात सामने आयी है। टीम वहां के लिए रवाना हो गई है। इंजीनियर की कुल सम्पत्ति का मूल्यांकन किया जा रहा है।

एक साथ हुई छापेमारी
आय से अधिक सम्पत्ति की शिकायत पर इओडब्ल्यू ने सिवनी में सिंचाई विभाग से रिटायर इंजीनियर केपी तिवारी के सतना जिले में स्थित दो आवासों के साथ ही जबलपुर में कटंगा स्थित आवास पर बुधवार को एक साथ छापेमारी की थी। इंजीनियर शिमला तो बेटा-बहू रायपुर गए। गुरुवार दोपहर को बेटा राकेश तिवारी और बहू प्रीति तिवारी जबकि रात में केपी तिवारी शिमला से लौट आए हैं। शुक्रवार को सुबह 10 बजे डीएसपी राज्यवर्धन माहेश्वरी की टीम ने कटंगा स्थित घर पहुंची।

इन बैंकों में मिले लॉकर
यहां केपी तिवारी का कमरा और अलमारी खोला गया। जिसमें 30 ग्राम सोना और 45 हजार रुपए मिले। वहीं बैंकों के लॉकर के दस्तावेज मिले। इसके बाद टीम इलाहाबाद, सेंट्रल बैंक और ओरिएंटल बैंक के लॉकर खोलने पहुंची थी। शाम पांच बजे तक लॉकर के जेवर जब्त किए गए। इसके अलावा उसके घर के फर्नीचर, और घरेलू समानों का भी मूल्यांकन किया गया। इसके अलावा भोपाल में भी सम्पत्ति होने की बात कही जा रही है।

अब तक ये मिल चुका
पांच बैंकों में लॉकर, सतना जबलपुर व कटनी शहरों में 70 हजार वर्गफीट के 15 प्लॉट, 29 बैंक अकाउंट, 100 एकड़ से अधिक कृषि भूमि, पेट्रोल पम्प, दो कार, ट्रैक्टर, पेट्रोल टैंकर, सफारी एसयूवी, 20 लाख घर से और 43 लाख खाते से मिले, 500 ग्राम सोने के जेवर, एक किलो की सोने की सिल्ली, ढाई किलो चांदी के जेवर।

इइ केपी तिवारी का एक लॉकर नागपुर में भी होने की जानकारी मिली है। वहां भी टीम भेजी गई है। वहीं 29 बैंक खाते अब तक मिले हैं। शहर के तीनों लॉकरों से 780 ग्राम सोना और इतने ही जेवर सहित दस्तावेज मिले हैं। सतना गई टीम भी जब्त दस्तावेजों का मूल्यांकन कर रही है।
समर वर्मा, एसपी इओडब्ल्यू

Published on: