tantric ritual in Muktidham: मध्य प्रदेश के सतना में आधी रात दो कारों में पहुंचे पांच लोग चिता के पास तांत्रिक अंदाज़ में पूजा करते पकड़े गए। पुलिस पहुंची तो घबराकर भागे, अब CCTV फुटेज खंगाली जा रही है।
tantric ritual in Muktidham: मध्य प्रदेश के सतना शहर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत नजीराबाद मुक्तिधाम में मंगलवार बुधवार की दरमियानी रात चिता के पास रहस्यमयी तरीके से पूजा-पाठ की जा रही थी, जिससे तांत्रिक क्रिया की आशंका जताई जा रही है। आधी रात को चिता स्थल के बीच दीया और अन्य सामान रखकर पूजा करने वाले लोग कौन थे, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 3:30 बजे दो कारों से पांच-छह लोग मुक्तिधाम पहुंचे। कारों को बाहर खड़ा कर, दो महिलाओं सहित ये लोग अंदर गए और एक चिता स्थल के ठीक बीच में दीया रखकर पूजा-पाठ करने लगे। मुक्तिधाम के बाहर आधी रात को दो कारें देखकर लोगों को शक हुआ, तो उन्होंने तुरंत सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना दी। इधर, अंदर पूजा-पाठ कर रहे लोगों को भी अहसास हो गया कि कोई उन पर नज़र रख रहा है। पुलिस के पहुंचने से पहले ही वे सभी घबराहट में अपनी कारों से बायपास की तरफ भाग निकले। पुलिस अब इन अज्ञात व्यक्तियों की तलाश कर रही है।
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां जलता दीया व कुछ पूजन सामग्री मिली। पुलिस को श्मशान के अघोरी बाबा ने बताया कि अज्ञात लोग वाराणसी से आए थे। पुलिस अघोरी से और पूछताछ कर रही है। मुक्तिधाम में पहले भी अजीबोगरीब मामले हो चुके हैं। बीते साल किसी ने रात में ही कुछ मूर्तियों को खंडित कर दिया था।
इस मामले में पुलिस ने दो-तीन लोगों को पकड़ा था। पुलिस ने बताया कि जब टीम मुक्तिधाम पहुंची तो अज्ञात लोग जा चुके थे। मुक्तिधाम के सामने सड़क पर दोनों छोरों में कुछ मकानों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। कार के नंबरों से अज्ञात लोगों का पता चल सकता है।