सतना

अचार के डिब्बे में मरे कॉकरोच, बेची जा रही थी एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक, यहां पढ़ें पूरा मामला

खाद्य सुरक्षा प्रशासन की मझगवां में दबिश: चंद मुनाफे के लिए सेहत से खिलवाड़ कर रहे थे व्यापारी
2 min read
• •
Updated: 16 Jun 2018, 11:26 AM IST
Food Security Administration's Dabish in majhgawan
Food Security Administration's Dabish in majhgawan

सतना। मझगवां स्थित किराना दुकान में अचार के डिब्बे में कॉकरोच मरा पड़ा था। एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक्स बेची जा रही थी। इसका खुलासा शुक्रवार को उस समय हुआ जब खाद्य विभाग की जांच टीम ने दबिश दी। कार्रवाई शुरू होते ही दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। टीम ने अमानक सामग्री जब्त कर इसे मौके पर ही नष्ट कराया। साथ ही सैंपलिंग की, जिसे जांच के लिए भेजा गया।

ये है मामला
डीओ ओमनारायण सिंह खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग के नेतृत्व में 12 सदस्यीय टीम ने शुक्रवार की दोपहर मझगवां में जांच शुरू की। टीम ने दो डेयरी, किराना दुकान और शासकीय उचित मूल्य की दुकान में दबिश दी। किराना दुकान में टीम ने पाया कि तेल में कॉकरोच पड़े हुए थे। दुकान संचालक एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक बेच रहा है। सभी का सैम्पल लेकर नष्ट कराया गया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी शीतल सिंह, सीमा पटेल, खाद्य निरीक्षक पीयूष शुक्ला, नायब तहसीलदार मझगवां फुलेल रावत, पटवारी रामचंद्र प्रजापति, आरक्षक राजेंद्र शुक्ला, रावेंद्र सेन सहित राजस्व और पुलिस अमला मौजूद रहा।

गंदगी के बीच रखी थी खाद्य सामग्री
टीम ने स्टेशन रोड पर राजेंद्र कुमार गुप्ता द्वारा संचालित गुप्ता किराना स्टोर में भी जांच की। वहां गंदगी के बीच खाद्य सामग्री मिली। बड़ी संख्या में कॉकरोच दुकान में दिख रहे थे। खाद्य तेल में मरे हुए कॉकरोच पड़े हुए थे। आइस चिल ब्रांड की एक्सपायरी डेट की कोल्ड-ड्रिंक ग्राहकों को बेची जा रही थी। 192 बॉटल का स्टॉक भी मिला। जिसे सैम्पलिंग के बाद नष्ट कराया गया। दुकान से जीरा का भी सैम्पल लिया गया। दूध, पनीर, कोल्ड ड्रिंक और जीरा के सैंपल जांच के लिए भोपाल स्थित प्रयोगशाला भेजे गए। अब आगे की कार्रवाई भोपाल से जांच रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी।

शिकायत पर हुई जांच
मझगवां क्षेत्र में दूध में मिलावट और मिलावटी खाद्य सामग्री बिक्री की लगातार शिकायतें मिल रही थी। डीओ ओमनारायण सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी, खाद्य निरीक्षक, नायब तहसीलदार सहित पुलिस बल के साथ औचक दबिश दी। इसके बाद चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।

राशन दुकान में दबिश
टीम बजरंग प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भंडार (वार्ड क्रमांक 1 से 20) भी पहुंची। वहां स्टॉक पंजी सहित अन्य दस्तावेजों का निरीक्षण किया। अनाज सहित अन्य खाद्य सामग्री वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। मौके पर मौजूद ग्राहकों को दी गई सामग्री का रेकार्ड से सत्यापन किया।

डेयरी से लिए दूध के सैम्पल
टीम सबसे पहले मझगवां स्थित कृष्णा डेयरी पहुंची। डेयरी संचालक विष्णुधर द्विवेदी के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं पाए गए। मिलावट की आशंका होने पर दूध का सैम्पल लिया गया। इसके बाद टीम सच डेयरी पहुंची। डेयरी संचालक कमलेश जायसवाल द्वारा कर्वी उप्र से लाकर पनीर की बिक्री करना बताया गया। टीम ने आशंका होने पर पनीर का सैम्पल लिया।

Published on: