सतना

बड़ी खबर: अस्थि विसर्जन कर लौट रही थी कार, रास्ते में ट्रक ने मारी टक्कर, चार की मौत, तीन घायल

पूर्व सरपंच की हादसे में हुई थी मौत, उनकी अस्थि लेकर गए थे परिजन, इलाहाबाद-रीवा मार्ग एनएच 30 पर हुआ हादसा: तीन घायल

3 min read
May 07, 2018
four died and three Injured in allahabad-rewa road accident
four died and three Injured in allahabad-rewa road accident

सतना। हादसे में मृत पूर्व सरपंच की अस्थि गंगा में विसर्जित कर इलाहाबाद से सतना लौट रहा परिवार भी सड़क हादसे का शिकार हो गया। रास्ते में उनकी कार को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इसमें चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रविवार की सुबह एनएच 30 पर इलाहाबाद के करीब हुआ। घायलों का इलाज इलाहाबाद में चल रहा है। मृतकों के शवों को पीएम के बाद सतना लाया जा रहा है।हादसे के शिकार हुए लोग अमरपाटन थाना इलाके के खेरिया गांव के निवासी हैं, जो सतना शहर के विभिन्न इलाकों में रहते थे।

ये है मामला
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर ट्रक और कार की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसा इलाहाबाद के यमुनापार इलाके के कौंधियारा थाना क्षेत्र अंतर्गत सड़वा नहर के पास हुआ। बताया गया कि खेरिया ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच छोटेलाल मिश्रा की गत दिनों सड़क हादसे में मौत हो गई थी। अंतिम संस्कार के बाद परिजन गंगा नदी में अस्थियां विसर्जित करने शनिवार रात 12 इलाहाबाद गए थे। अस्थि विसर्जन के बाद परिजन व रिश्तेदार कार से वापस सतना लौट रहे थे। जब वे राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर सड़वा नहर के पास से गुजर रहे थे, तभी सामने से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इसमें मौके पर दो की मौत हो गई, वहीं पांच घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में दो अन्य घायलों की मौत हो गई।

कार से दूर जा गिरे
बताया गया कि वे कार से इलाहाबाद से लगभग 45 किलोमीटर आगे निकल आए थे और रीवा की ओर बढ़ रहे थे। तभी कौंधियारा थाना क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का टायर फट गया और कार उछल कर पास स्थित एक घर की दीवार से जा टकराई। कार सवार चार में से तीन लोग दूर जा गिरे और तीन लोग अंदर फंस गए। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और इसकी सूचना पुलिस को देने के साथ ही वाहन में फंसे लोगों को निकाल कर अस्पताल भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने ड्राइवर समेत दो को मृत घोषित कर दिया।

दो की उपचार के दौरान मौत
दो ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में स्व. पूर्व सरपंच के छोटे भाई बिहारी लाल मिश्रा (45) पिता स्वामी दीन मिश्रा, देवराज मिश्रा पिता स्व. रामकरण निवासी खेरिया, भारत तिवारी पिता अंबिका तिवारी नई बस्ती व आनंद पाण्डेय (55) पिता राम शिरोमणि हाल मुकाम पुष्पराज कालोनी शामिल हैं। बताया जाता है कि कार में चालक समेत कुल सात लोग सवार थे। घायलों में अभय, सचिन व देवेंद्र पाण्डेय के नाम बताए जा रहे हैं। अन्य घायलों की हालत स्थिर बताई जाती है।

दुखों का पहाड़
खेरिया अमरपाटन के मिश्रा परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा है। महज पांच दिन के अंदर सड़क हादसे में परिवार से दो लोगों की मौत हो गई। 27 अप्रैल को हुए सड़क हादसे में पूर्व सरपंच छोटेलाल की मौत से अभी तक परिवार उबरा नहीं कि दूसरी बड़ी घटना हो गई। हादसे में मारे गए व घायल आपस में रिश्तेदार हैं। पुष्पराज कालोनी निवासी मृत आनंद पाण्डेय का घर कुछ दिन पहले खुशियों से भरा हुआ था। इनके यहां 29 अप्रैल व 1 मई को बेटी व बेटा की शादी हुई थी।

नेता प्रतिपक्ष ने शोक व्यक्त किया
हादसे को लेकर विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। नेता प्रतिपक्ष ने चार लोगों के हुए दुखद निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा है कि उनके परिजनों के उपर दु:खों का जो पहाड़ टूटा है, वह असहनीय है। दु:ख की इस घड़ी में हम शोक संतप्त परिवार के साथ हैं।

Published on:
07 May 2018 10:58 am