पहले भी रेप की शिकायत कर चुकी युवती, पुलिस ने जांच के बाद उसी पर की कार्रवाई
सतना. शहर कोतवाली में एक युवती पहुंची और बताने लगी कि एक ऑटो चालक ने उसके साथ बलात्कार किया है। लड़की से पूछताछ करते हुए जब पुलिस ने उसकी कुण्डली खंगाली तो पता चला कि वह लड़की पहले भी कोलगवां और सिविल लाइन थाना में रेप केस दर्ज करा चुकी है। मामला नगर पुलिस अधीक्षक विजय प्रताप सिंह के पास पहुंचा तो पड़ताल आगे बढ़ी। जांच में यह बात सामने आई कि ऑटो चालक को फंसाने के बाद उसकी पत्नी से युवती ने रुपयों की मांग की। जब उसने नहीं दिए तो उसके पति को बलात्कार के प्रकरण में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद युवती सिटी कोतवाली पहुंच गई। यहां इसलिए कि कोलगवां और सिविल लाइन थाने की पुलिस उसकी हरकत से वाकिफ थी। जब युवती की हकीकत सामने आई तो पुलिस ने उसी को कार्रवाई के दायरे में लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार, मुख्तयारगंज में किराए से रहने वाली युवती कुछ दिन पहले ही पतेरी में रहती थी। यहां एक ऑटो चालक को उसने फंसाया और फिर उसके परिवार को परेशान करने लगी। ऑटो चालक को धमका कर युवती उसे अपने साथ रखना चाह रही थी। इस बात से ऑटो चालक की पतनी और बच्चे परेशान हुए। जब युवती की बात नहीं बनी तो उसने ऑटो चालक की पत्नी से दो लाख रुपए मांगे। जब रकम नहीं मिली तो बलात्कार के केस में फंसाने की धमकी देकर युवती कोतवाली पहुंच गई। यहां उसकी बताई कहानी पर पुलिस को शक हुआ तो जांच पड़ताल बारीकी से की गई। युवती के डर से ऑटो चालक कई दिनों से घर नहीं आया था एेसे में उसका परिवार भी पुलिस के पास पहुंच गया। जब हकीकत सामने आई तो सिविल लाइन और कोलगवां थाना से रिकॉर्ड पूछा गया। पता चला कि युवती पहले भी रेप केस में युवकों को फंसा चुकी है। अब ऑटो चालक के परिवार को भय दिखाकर रकम एेंठना चाहती थी।
फंसने से बचा परिवार
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया। यही वजह है कि एक परिवार बालात्कार के प्रकरण में फंसने से बच गया। ऑटो चालक की पत्नी की रिपोर्ट पर युवती के खिलाफ आइपीसी की धारा 388, 389 के तहत थाना सिविल लाइन में मामला कायम कर लिया। गुरुवार को गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने युवती को अदालत में पेश कर दिया है।