
सतना। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित अहरी टोला में एक युवक ने अपनी पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला। इसके बाद खुद ही पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी देकर मौके पर बुलाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्त में ले लिया है। घटना के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार रात 11 बजे के लगभग अहरी टोला निवासी मोनू सिंह का अपनी पत्नी से किसी बात पर झगड़ा हो गया। कहासुनी तीखी नोकझोंक से मारपीट तक पहुंच गई और नाराज मोनू ने आपा खो दिया। बताया जा रहा है कि इसी बीच उसने लोढ़े से पत्नी को मारा जिससे उसकी मौत हो गई।
पड़ोसियों का कहना है कि मोनी की पत्नी यहां उसके साथ नहीं रहती थी। वह सेंट माइकल स्कूल पन्ना नाका के बगल में पान की दुकान चलाता था। उसके साथ छोटा भाई और मां रहती थी। दो दिन पहले ही वह अपनी पत्नी को लेकर आया था।
उसके दो साल की छोटी बेटी भी थी। हालांकि पड़ोसियों ने इससे पहले पत्नी को नहीं देखा था। बताया जा रहा है कि पत्नी की हत्या करने के बाद उसने खुद पुलिस को फोन करके अपनी पत्नी की हत्या करने की जानकारी दी। इधर, पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और थाने ले गई है। यह भी बताया जा रहा है कि हत्या के बाद 2 साल की बेटी के साथ मोनू की मां घर से नदारद है।