सोशल मीडिया में आरोप: निगमायुक्त बोले-कोर्ट तक ले जाऊंगा मामला, पार्षद को फोन पर लताड़ लगाई तो हटाई पोस्ट
सतना। सोशल मीडिया पर पार्षद भगवती प्रसाद पाण्डेय को अनर्गल पोस्ट करना भारी पड़ गया। निगम क्षेत्र की समस्याओं पर सोशल मीडिया में बहस के दौरान खुद को घिरता देख उन्होंने निगमायुक्त पर व्यक्तिगत आरोप लगाने शुरू कर दिए। पारिवारिक मामले में किए गए कमेंट की जानकारी जैसे ही निगमायुक्त को लगी, उन्होंने पार्षद भगवती को फोन कर न केवल लताड़ लगाई बल्कि कोर्ट में ले जाने की बात कही। इसके तुरंत बाद पार्षद ने सोशल मीडिया से अपनी पोस्ट डिलीट कर दी।
ये है मामला
दरअसल, सोशल मीडिया में पार्षद भगवती पाण्डेय ने अपने वार्ड के कुछ काम नहीं होने के मामले में निगम की अनदेखी की बात कही। जब बात आगे बढ़ी तो कुछ मामलों में वे स्वयं घिरते नजर आए। इसके तुरंत बाद उन्होंने बातों का डायवर्सन लेते हुए निगमायुक्त के पारिवारिक मामलों में आक्षेप लगाना शुरू कर दिया। उन्होंने हाल ही में मां को लेकर आए निगमायुक्त के भाई पर निगम के कामों में दखल के आरोप लगाए। सोशल मीडिया में सार्वजनिक पोस्टिंग की जानकारी निगमायुक्त को लगी तो तत्काल इस मामले में पार्षद को फोन कर लताड़ लगाई।
बोले- मुझे गंदी राजनीति बर्दाश्त नहीं
निगमायुक्तके बड़े भाई विगत सप्ताह मां को लेकर सतना छोडऩे आए थे। मां शुरू से उनके साथ रहती हैं। मामले पर पार्षद भगवती ने सोशल मीडिया में यह कहना शुरू कर दिया कि वे यहां पैसा लेने आए थे। जैसे ही निगमायुक्त को यह पता चला तो उन्होंने भगवती को फोन पर दो टूक कह डाली। उन्होंने कहा कि किसी ईमानदार अधिकारी पर ऐसे आरोप कैसे लगा सकते हो। आपको राजनीति करनी है करो लेकिन मैं गंदी राजनीति बर्दाश्त नहीं करता। क्या कोई अपने भाई के यहां नहीं आ सकता या उसका मध्यप्रदेश में आना मना है। इस पर भगवती ने नाली के मामले की चर्चा कर बात डायवर्ट करनी चाही। लेकिन निगायुक्त यहीं नहीं रुके। कहा कि पारिवारिक मामलों में दखल बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करूंगा। आप हद में रहो, आप साथ ही चेताया कि इस मामले में कोर्ट में भी मामला दर्ज करऊंगा।