सतना

ईई साहब! काम में मन नहीं लग रहा है तो मैहर से तबादला करवा लो

मैहर की प्रभारी मंत्री राधा सिंह ने विभागीय समीक्षा बैठक ली। ईई आरईएस की कार्यशैली पर जमकर नाराज हुईं। इस दौरान ज्यादातर निर्माण विभागों से जनप्रतिनिधि नाराज नजर आए। लगाई फटकार...
3 min read
• •
Updated: 15 Nov 2026, 10:24 AM IST
maihar

मैहर। जिले की प्रभारी मंत्री राधा सिंह की अध्यक्षता में विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पीआईयू को छोड़कर ज्यादातर निर्माण विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली से प्रभारी मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधि असंतुष्ट नजर आए। ईई आरईएस को तो प्रभारी मंत्री ने यहां तक कह दिया कि आपका एक भी काम न तो दिख रहा है और न ही समझ आ रहा है। अब यहां मन नहीं लग रहा है तो अपना तबादला करवा लो। जनप्रतिनिधियों की सबसे ज्यादा नाराजगी एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पर रही। यहां तक कह दिया गया कि इनका काम ऐसा है कि ये नागरिकों को मारना चाहते हैं। यहां हाइवे में जितने हादसे हो रहे हैं उन सबके जिम्मेदार यही हैं। इस दौरान सांसद गणेश सिंह, विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, डॉ राजेन्द्र सिंह, जिपं अध्यक्ष रामखेलावन कोल, कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक की शुरुआत ही बिगड़ी

समीक्षा बैठक की शुरुआत के पहले ही स्थिति बिगड़ गई। सांसद ने बैठक के फोल्डर देखे तो पाया कि इसमें जानकारी सही नहीं है और विभागीय तैयारियां सही नहीं है। जिला पंचायत द्वारा संयुक्त विभागीय फोल्डर एजेंडावार बना हुआ नहीं पाया गया। इस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और कहा कि बैठक को गंभीरता से लें। जिपं पंचायत की पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन देखने पर पाया गया कि इसमें वर्ष सही नहीं उल्लेखित किए गए हैं। जिस पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि होम वर्क नहीं करते हैं क्या आप लोग। यह बैठक कोई हंसी मजाक नहीं है। वर्षवार कार्य तो सही लिखा होना चाहिए।

लोनिवि के अफसर को फटकार

लोनिवि की समीक्षा में पाया गया कि देवी जी मंदिर की ड्राइंग में नाली का प्रावधान ही अफसरों ने नहीं किया है। इस पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि पानी क्या सड़क या लोगों की दुकानों पर बहेगा। यह सामान्य सी जानकारी भी आप लोगों को नहीं है। इसी तरह अंतर विभागीय समन्वय के मामले टीएल में न रखकर यहां चर्चा करने पर भी नाराजगी जाहिर की गई। आरईएस के कार्यों की समीक्षा में पाया गया कि पिछली बैठक में जो काम बताए गए थे वे हुए ही नहीं है। ईई आरईएस इसका जवाब भी नहीं दे पा रहे थे। इस पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि आपका कोई भी काम समय सीमा में नहीं हो पाता है। सांसद ने भी कहा कि इनका कोई भी काम कंपलीट नहीं है। इस पर मंत्री ने कहा कि आपका मन नहीं लग रहा है तो यहां से कहीं और तबादला करवा लो।

पीएचई और जल निगम की लगी क्लास

पीएचई की समीक्षा में क्रियाशील हैंडपंप की जो जानकारी ईई पीएचई की ओर से दी गई उसे जनप्रतिनिधियों ने सिरे से खारिज कर दिया। कहा, ये आंकड़े आपके कागजी है। ज्यादातर हैंडपंप बंद है। स्थिति यह है कि सरपंच आपके लोगों को सुधार के लिए फोन लगाते हैं तो फोन तक नहीं उठता। यह सारी जानकारियां हमारे पास तक आती है। यहां आप साफ झूठे आंकड़े दे रहे हैं। इसी तरह जल निगम के अधिकारी को कहा गया कि आपकी भी स्थिति यहीं है। जहां जहां बता रहे हैं वहां पानी जा नही रहा है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि जो तिथि आपने बताई है उस अवधि पर कार्य नहीं हुआ तो आप लोगों पर एफआईआर तो दर्ज कराएंगे ही अनुशासनात्मक कार्रवाई भी होगी।

सामुदायिक शौचालयों की उपयोगिता पर सवाल

प्रभारी मंत्री और सांसद ने कहा कि आप लोगों ने जो सामुदायिक शौचालय बनाए हैं उसमें पानी की व्यवस्था तक नहीं है। कहा गया कि डीएमएफ से पानी की टंकी रखी जा सकती है। सफाई पर ध्यान देने कहा गया। नगर पालिका सीएमओ से कहा कि आपके निर्माण कार्य काफ धीमे हैं। जो ऑडीटोरियम बन रहा है उसमें तीन मजदूर काम करते नजर आते हैं। ऐसे काम होता है। गेट के काम भी काफी धीमे हैं।

एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पर कड़ी नाराजगी

बैठक के दौरान एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पर काफी नाराजगी जताई गई। कहा गया कि न तो वे बैठकों में आते हैं, न निर्देशों के पालन में ध्यान देते हैं। हाइवे पर लगातार हादसे हो रहे हैं लेकिन ब्लैक स्पॉट तक नहीं हटा पा रहे हैं। एनएच 30 पर झुकेही से लेकर अमरपाटन तक सर्विस रोड के रखरखाव में लापरवाही बरती जा रही है। विधायक मैहर ने कहा कि यहां होने वाले सभी हादसों के जिम्मेदार यही है। इन पर तो मुकदमा चलना चाहिए। प्रभारी मंत्री ने कलेक्टर से कहा कि प्रोजेक्ट डायरेक्टर के खिलाफ कड़ी कार्यवाही के लिए शासन को पत्र लिखें।

अमरपाटन विधायक ने जताई नाराजगी

अमरपाटन विधायक डॉ राजेन्द्र सिंह ने कहा कि यहां के अधिकारी इतने बड़े हो गए हैं कि बैठकों की सूचना और आमंत्रण तक नहीं दिया जाता है। आज की बैठक के लिए भी कोई सूचना नहीं थी। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम मैहर को बुलाया। उन्होंने माना कि भूल हो गई है। इस पर कहा गया कि ऐसी हरकते न की जाएं।

Updated on:
15 Nov 2026, 10:24 AM IST
Published on: