
सतना. अनुसूचित जाति विकास विभाग के कोठी स्थित जूनियर कन्या छात्रावास में फिर एक बार छात्राओं से अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। इस बार फिर छात्राओं ने पुलिस के पास शिकायत की है। ताकि छात्राओं के साथ लंबे अर्से से हो रही हरकतों पर अंकुश लग सके। लेकिन पुलिस ने अपने हिसाब से आवेदन लिखवाने के बाद मामले को हल्का कर दिया। एेसे में पीडि़त छात्रा अपने परिजनों के साथ शनिवार को महिला थाना पहुंची। यहां भी एक आवेदन स्पष्ट तौर पर लिखते हुए कार्रवाई के लिए दिया गया है।
छात्रा की शिकायत है कि 14 नबंवर को जब वह छात्रावास में थी तो वहां पदस्थ भृत्य रामवती ने पानी लाने को कहा। जब छात्रा पानी लेकर कमरे में गई तो वहां पर राममवती के साथ उसका पुत्र दीपक भी मौजूद था। छात्रा का आरोप है कि रामवती के बाहर जाते ही दीपक ने उसे पीछे से पकड़ा और अश्लील हरकत करने लगा। जब शोर किया तो छात्रा की बहन पहुंची। उसने कमरे का दरवाजा खटखटाते हुए मदद के लिए आवाज दी तो आरोपी दरवाजे खोल भाग निकला। पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि तब से उसने छात्रावास जाना बंद कर दिया था। जब परिजनों ने पूछताछ तो उसने आपबीती सुनाई। जिसके बाद मामला पुलिस तक आया। इसके पहले भी कोठी स्थित इसी छात्रावास में छात्राओं से अश्लील हरकत का मामला सामने आ चुका है।