सतना

पंचकल्याणक महोत्सव: माता की हुई गोद भराई, नाभिराय के दरबार में पूछे स्वप्नों के फल

पंचकल्याणक महोत्सव का दूसरा दिन, महापौर ने की घोषणा पन्ना रोड से एंट्री पर आचार्य विद्या सागर महाराज के नाम से बनेगा एंट्री गेट
2 min read
Apr 25, 2018
Jain Samaj News Satna panchkalayanak mahotsav vasupujya Mandir satna
Jain Samaj News Satna panchkalayanak mahotsav vasupujya Mandir satna

सतना। दिगम्बर जैन समाज की ओर से पंचकल्याणक एवं गजरथ महोत्सव के दूसरे दिवस गर्भ कल्याणक के आयोजन हुए। 28 अप्रैल तक चलने वाले पंचकल्याणक के लिए पुराना पावर हाउस में बनाई अयोध्या नगरी में सवेरे 6 बजे से ही प्रतिष्ठा के प्रमुख पात्र इन्द्र इन्द्राणियों की उपस्थिति से ऐसा लग रहा था जैसे धरती पर ही स्वर्ग उतर आया हो। प्रतिष्ठाचार्य विनय भैया के संचालन में भगवान को सिंहासन पर विराजमान कर अभिषेक किया।

ऐसा वातावरण बना जैसे आचार्यश्री साक्षात अध्योयानगरी में विराजे हों। पूजन के पहले जैसे ही जानकारी दी गई कि माता के गर्भ में रात्रि 1:29 पर बालक आ चुका है तो तालियों से वातावरण गूंज उठा तभी गर्भकल्याणक पूजन सम्पन्न हुई। इसी बीच निखिल जैन के नेतृत्व में दिव्य घोष के साथ मुनिसंघ का आगमन हुआ। मुनि समयसागर महाराज के अमृत वचनों का सभी ने रसपान किया तथा जीवन में धर्म को उतारने का संकल्प लिया।

patrika IMAGE CREDIT: patrika

महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया

दोपहर माता की गोद भराई में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रचार मंत्री सुनील जैन ने बताया कि महापौर ममता पाण्डेय सहित कई गणमान्य नागरिक पहुंंचे। मुनिसंघ के चरणों में श्रीफल अर्पित किया। समाज अध्यक्ष इंजी. रमेश जैन, मंत्री राहुल जैन, स्वागत अध्यक्ष सुधीर जैन एवं रश्मी जैन ने महापौर का स्वागत किया। समाज के आग्रह पर महापौर ने घोषणा कि पन्ना की ओर से आने वाले प्रवेश पर आचार्यश्री विद्यासागर महाराज के नाम पर प्रवेश द्वार बनाया जाएगा।

56 देवियों द्वारा माता की सेवा की गई

समाज के पूर्व उपाध्यक्ष संदीप जैन को महाआरती का गौरव मिला। उन्हें गजराज में विराजित कर अध्योया नगरी लाए, फिर सभी ने मिलकर भगवान की आरती की। रात्रि में महाराज नाभिराय का दरबार लगा एवं माता के देखे गए सोलह स्वप्नों का फल पूछा गया। इसके बाद अष्ट देवियों एवं 56 देवियों द्वारा माता की सेवा की गई। जैन पाठशाला, जैन महिला मिलन एवं जैन बालिका क्लब की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

patrika IMAGE CREDIT: patrika

सांसद ने जैन मुनियों से लिया आशीर्वाद
दिगम्बर जैन मंदिर में आयोजित धर्म गुरुओं के कार्यक्रम में सांसद गणेश सिंह पहुंचे और जैन मुनियों से आशीर्वाद प्राप्त किया और इसके बाद जैन समाज के पदाधिकारियों ने सांसद को मुकुट पहनाकर सम्मान किया गया।

patrika IMAGE CREDIT: patrika

आज के कार्यक्रम
- प्रात: 5:45 बजे अभिषेक, पूजन के बाद भगवान के जन्म पर बधाइयां
- प्रात: 8:45 बजे मुनिश्री के प्रवचन
- प्रात: 9:30 इन्द्रसभा और जन्माभिषेक जुलूस
- दोपहर 2 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम मुनिश्री के प्रवचन
- शाम 7 बजे : महाआरती, सौधर्म इन्द्र का तांडव नृत्य, बाल क्रीड़ा बालक को पालना झूलना आदि कार्यक्रम सम्पन्न होगा।

Published on:
25 Apr 2018 03:26 pm