कांग्रेस-बसपा महागठबंधन को लेकर CM शिवराज ने बोली ऐसी बात, सुनकर विरोधियों की बोलती हुई बंद
सतना। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार सुबह मैहर पहुंचे। जहां उन्होंने मां शारदा के दर्शन के साथ जन-आशीर्वाद यात्रा की शुरूआत की। हालांकि बारिश के कारण कार्यक्रम प्रभावित हुआ, वे निर्धारित समय से एक घंटा देरी से सभास्थल पहुंचे। उल्लेखनीय है, सतना जिले में दो दिवसीय जन-आशीर्वाद यात्रा के लिए मुख्यमंत्री सतना आए हैं। जिसके लिए वे पत्नी साधना सिंह के साथ रेवांचल एक्सप्रेस बुधवार सुबह मैहर पहुंचे। जहां उनका भव्य स्वागत हुआ, उसके बाद मुख्यमंत्री रेस्ट हाउस चले गए। लगभग दो घंटे रूकने के बाद करीब 10 मां शारदा दर्शन करने पहुंचे और जन-आशीर्वाद यात्रा की शुरूआत की। उनके साथ प्रभात झा, सुभाष भगत, वीडी शर्मा और विश्वास सारंग, गणेश सिंह सहित स्थानीय नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस ने जिससे गठबंधन किया, उसका सत्यानाश
मां शारदा के दर्शन करने के बाद बाहर निकलने के बाद सीएम ने पत्रकारों से चर्चा की। इस दौरान कहा कि कांग्रेस-बसपा महागठबंधन से कोई फर्क नहीं पड़ता। कांग्रेस ने जिससे गठबंधन किया है, उसका सत्यानाश हो गया है। मुझे इस गठबंधन से कांग्रेस की चिंता नहीं है, चिंता उनकी है जो इस गठबंधन में शामिल हो रहे हैं। चाहे वीपी सिंह की सरकार रही हो, चाहे चंद्रशेखर की रही हो, चाहे मोरारजी देसाई की रही हो। सभी की स्थिति खराब हुई।
चित्रकूट के लिए अलग से कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रथम चरण में बाबा महाकाल के दर्शन लेकर और द्वितीय चरण में माई शारदा के आशीर्वाद से यात्रा को प्रारंभ कर रहा हूं। अपने कामों को लेकर जनता के बीच जाऊंगा। मुख्यमंत्री शिवराज ने चित्रकूट इस बार ना जाने के सवाल पर कहा उसके लिए अलग से कार्यक्रम बना कर आऊंगा।
18 जुलाई का पूरा कार्यक्रम
सीएम आगामी दो दिन तक जिले में रहते हुए सातों विधानसभा के 60 से ज्यादा गांवों में पहुंचेंगे। इस दौरान 30 घंटे तक जनता के बीच रहेंगे और 13 जगह सभाओं को संबोधित करेंगे। सतना, मैहर, बिरसिंहपुर, नागौद, उचेहरा, रामपुर और अमरपाटन में सभाएं होंगी। मैहर स्टेडियम में आमसभा के बाद उनके कार्यक्रम पूर्वरत रहेंगे। वे 11.40 बजे मैहर से बदेरा के लिए रवाना होंगे। इसके बाद क्रमश: लटागांव, जोवा, 12.50 बजे से बड़ा इटमा, मड़वार, गोरसरी गांव बाया मिरगौती, रामनगर, गोरसरी चौराहा, किरहाई, अमरपाटन पहुंचेंगे। 3 बजे से लालपुर, बींदा, जमताल, असरार, शिवपुरवा, कृष्णगढ़, बांधा, रामपुर बाघेलान स्टेडियम सभा, बढ़ौरा, प्रिज्म सीमेंट मोड़, बम्हौरी, हिनौती, मलगांव और घुंघचिहाई पहुंचेंगे। शाम 4.10 बजे से बाबूपुर, बदखर, बिरला कॉलोनी, सिंधी कैम्प, बीटीआई ग्राउंड सतना सभा, सेमरिया चौक, कृष्णनगर, हॉस्पिटल चौक, पन्नीलाल चौक, जयस्तंभ चौक, सिटी कोतवाली चौक, प्रेमनगर, धवारी चौराहा, राजेन्द्र नगर और सिविल लाइन चौक पहुंचेंगे। रात 8 बजे वे सर्किट हाउस विश्राम के लिए पहुंचेंगे।