सतना

महिला ने आरोपी के मां से की चोरी की शिकायत, डांट से नाराज युवक ने गांव में फैला दी सनसनी

केल्हौरा गांव में हुई थी वारदात: बरहा के जंगल से पकड़ा गया आरोपी, महिला ने चोरी की शिकायत की तो युवक ने कुल्हाड़ी से कर दी हत्या
2 min read
• •
Updated: 7 Aug 2018, 3:23 PM IST
kulhadi se katakar dalit mahila ki hatya
kulhadi se katakar dalit mahila ki hatya

सतना। बरौंधा के केल्हौरा निवासी सोमवाती वर्मा को एक युवक पर चोरी का शक हुआ तो उसने संबंधित युवक की मां से शिकायत कर दी। ऐसा करना युवक को नागवार गुजरा। युवक ने कुल्हाड़ी से हमला कर महिला की हत्या कर दी। उसके बाद कमरे में ताला लगाकर जंगल की ओर भाग निकला। पुलिस ने जांच के बाद तथ्य जुटाए और आरोपी इंद्र कुमार सिंह को सोमवार की सुबह बरहा के जंगल से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हत्या में उपयोग की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। उससे पूछताछ जारी है। मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस ने सोमवार को पूरे मामले का खुलासा कर दिया है।

ये है मामला
केल्हौरा में रह रही सोमवाती वर्मा (35) की उसके ही घर में हत्या कर दी गई थी। मृतका का ससुराल पुतरी चुआ गांव में है। कुछ साल पहले पति की मौत के बाद वह ब्रम्हकुण्ड के पास केल्हौरा में भाई राम स्वयंवर वर्मा (48) के घर के पास ही घर बनाकर रहने लगी। 2 अगस्त को उसके घर का ताला बंद था और अंदर से तेज गंध आ रही थी। इस पर उसका भाई राम स्वंयर घर के ऊपर चढ़ा और खपरैल हटाकर देखा, तो सोमवती मृत पड़ी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। खबर पाते ही थाना प्रभारी आनंद लाल शुक्ला और फॉरेंसिक अधिकारी डॉ. महेन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू हुई।

इंद्रपाल निवासी बरहा गिरफ्तार
थाना प्रभारी आनंद लाल शुक्ला ने सहयोगी स्टाफ एएसआई चक्रधर प्रजापति, आरक्षक नितीश यादव, धीरेन्द्र शुक्ला, प्रदीप कुशवाहा, सुरेन्द्र प्रजापति की मदद से सोमवती की हत्या के प्रकरण में आरोपी इंद्र कुमार सिंह उर्फ इंदु उर्फ इंद्रपाल निवासी बरहा को गिरफ्तार किया है।

मां की डांट से नाराज था युवक

आरोपी ब्रम्हकुण्ड के पास बरहा जंगल में छिपा हुआ था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सोमवती उस पर चोरी का शक करती थी। 28 जुलाई को सोमवती ने उसकी मां को भी बताया। इस पर मां ने डांट लगाई थी। इससे वो नाराज था और सोमवती की हत्या कर दी।

घात लगाकर की थी हत्या
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बदला लेने घात लगाकर वारदात को अंजाम दिया। 28 जुलाई की रात करीब 2 बजे सोमवती शौच के लिए निकली, तभी मौका पाकर घर में घुस गया। जब वह वापस लौटी, तो कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। उसके बाद घर में बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया।

पट्टीदार पकड़ से बाहर
इस वारदात के पहले बरौंधा थाना क्षेत्र के केलाई चुआ निवासी बलवान सिंह गोड़ पुत्र बेटा सिंह गोड़ (64) की हत्या कमटिहा नाला के पास आरोपी दादूभाई उर्फ पट्टीदार गोड़ पुत्र पन्ने लाल सिंह गोड़ (50) निवासी केलाई चुआ ने कर दी थी। 19 जुलाई को हुई इस वारदात का आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका।

Published on: