सतना में विरोध प्रदर्शन के बाद पहुंचीं पत्रिका कार्यालय, सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल
सतना। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल एक दिन के प्रवास पर मंगलवार को सतना पहुंचीं। वह पत्रिका कार्यालय में विशेष चर्चा के दौरान न सिर्फ भाजपा सरकार की पर निशाना साधा, बल्कि कांग्रेस की मजबूती पर भी चर्चा की। कहा, भाजपा सरकार में प्रदेश के अंदर बहन बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। प्रदेश की कानून व्यवस्था दिन प्रतिदिन बीमार होती जा रही है। गरीबों की कहीं सुनवाई नहीं हो रही। भ्रष्टाचार इस कदर हाबी है कि गरीबों को बीपीएल कार्ड बनवाने के लिए भी पैसे देने पड़ रहे हैं।
विंध्य में कांग्रेस मजबूत
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल ने दावा किया कि उनकी पार्टी विंध्य में इस बार सबसे अच्छा प्रदर्शन करेगी। चुनाव में पार्टी महिलाओं की भागेदारी बढ़ाएगी। मजबूत महिला दावेदारों को टिकट में प्राथमिकता दी जाएगी। पार्टी सिर्फ ऐसे लोगों को टिकट देगी, जिनका क्षेत्र में जनाधार है और जो जीत सकते हैं। कांग्रेस में इस बार टिकट देने का एक ही फार्मूला है जिताऊ चेहरा। इसके अलावा और कोई फार्मूला नहीं चलेगा। इस दौरान महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष कविता पाण्डेय और यूथ कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष रश्मि सिंह भी मौजूद रहीं।
धवारी चौराहे पर प्रदर्शन
इससे पहले दोपहर 12 बजे से महिला कांग्रेस ने धवारी चौराहे पर मैहर घटना के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदेशाध्यक्ष विभा पटेल ने कहा, मध्यप्रदेश महिला अत्याचार के मामले में नंबर एक हो चुका है। अन्य भाजपा शासित राज्यों में भी यही स्थिति है। मां शारदा की पवित्र नगरी में जिस तरीके से नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म किया गया है उससे साबित हो रहा कि जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और उन पर कानून व्यवस्था का कोई खौफ नहीं है। इस घटना से प्रतीत हो रहा है कि जिले में लाड़ली बहनों के बाद अब लाड़ली बच्चियां भी सुरक्षित नहीं हैं। कांग्रेस इस घटना की निंदा करती है। इस अवसर पर विधायक कल्पना वर्मा, महिला प्रदेश उपाध्यक्ष कविता पाण्डेय, जिलाध्यक्ष महिला कांग्रेस गीता सिंह, राजाराम त्रिपाठी सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।
मुख्य द्वार पर रोकी रैली
धरना के बाद महिला कांग्रेस की रैली कलेक्ट्रेट के लिए रवाना हुई, लेकिन पुलिस ने इनके प्रवेश न करने को लेकर बैरीकेटिंग कर रखी थी। कलेक्ट्रेट गेट के सामने जमकर नारेबाजी हुई साथ ही पुलिस से हल्की धक्का मुक्की भी हुई। अंत में कलेक्टर के नाम एसडीएम सिटी नीरज खरे को ज्ञापन सौंपा गया। चेताया गया कि अगर महिला हिंसा के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होती तो सरकार के खिलाफ सड़कों पर फिर से उतरेंगे।
यह महिला नेत्रियां भी रहीं मौजूद
प्रदर्शन में उर्मिला त्रिपाठी, डाली चौरासिया, सविता अग्रवाल, शशि मिश्रा, दीपा मिश्रा, निशा सिंह, उमा सिंह, रविमाला सिंह, पूनम सिंह, सोनू पांडेय, नीलम सिंह, संध्या कुशवाहा, कमलेश सिंह, अरूणा सिंह, वंदना गर्ग सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।