
सतना। चंदन चोरों ने फिर मैहर पुलिस को चुनौती दे डाली। पांच दिन में चंदन का पेड़ चोरी होने की दूसरी वारदात मैहर में हुई है। इस बार मैहर किला ब्रज विलास पैलेस में लगे चंदन के चार पेड़ बदमाशों ने रातों रात काट लिए। इसके पहले न्यायिक मजिस्ट्रेट सुरेश यादव के बंगले से चंदन का पेड़ चोरी हुआ था। गौर करने की बात है कि चोर सबसे महफूज मानी जाने वाली जगहों पर वारदात कर गए और किसी को भनक तक नहीं लगी।
पुलिस भी घटना की सूचना मिलने के बाद लकीर पीट रही है। पुलिस के मुताबिक, बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात किला मैहर ब्रज विलास पैलेस के परिसर से चंदन के चार पेड़ काट कर चोरी कर लिए गए। इसकी शिकायत किला मैहर से अक्षयराज सिंह की ओर से की गई है। शिकायत पर चोरी का मुकद्मा कायम करते हुए पुलिस जांच में जुटी है।
रेकी के बाद चोरी
पुलिस सूत्रों का कहना है कि चंदन के पेड़ चोरी करने में बाहरी गिरोह का होने की आशंका है। यह गिरोह पहले रेकी करते हुए यह पता लगाता है कि कहां कहां चंदन के पेड़ लगे हैं। इन्हें किस तरह चोरी किया जा सकता है। प्लान तय करने के बाद स्थानीय अपराधियों का सहारा लिया जाता है। कुछ रकम देते हुए स्थानीय चोरों की मदद से वारदात की जाती है। मैहर में लगातार दो घटनाओं के पहले भी इस इलाके से चंदन के पेड़ चोरी हुए हैं। मैहर के अलावा जसो, कोठी, सिंहपुर क्षेत्र में भी घटनाएं हुई हैं।
पुलिस को खुली चुनौती
न्यायिक मजिस्ट्रेट और किला मैहर में चोरी की वारदात को अंजाम देकर चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। सबसे सुरक्षित इन दोनों स्थानों पर घटनाएं होना कानून व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगा रही हैं। पुलिस की सतर्कता और कानून व्यवस्था का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि न्यायिक मजिस्ट्रेट के बंगले में चोरी के बाद चोरों ने किले में सेंध लगा दी। इसका मतलब भी साफ है कि चोर गिरोह चार दिनों तक मैहर में ही रहकर वारदात करता रहा और पुलिस को खबर ही नहीं हुई।