सतना

MP election 2018: उम्मीदवारों को मिली पहचान, अब ऐसी होगी EVM, मैदान में 134 प्रत्याशी ठोकेंगे ताल

विधानसभा चुनाव: 23 अभ्यर्थियों ने वापस लिया फॉर्म

less than 1 minute read
Nov 15, 2018
MP election 2018: 134 pratyasi chunav maidan mein
MP election 2018: 134 pratyasi chunav maidan mein

सतना। जिले की सातों सीट से 134 प्रत्याशी चुनावी मैदान में ताल ठोकेंगे। 122 पुरुष और 12 महिलाएं अपना भाग्य आजमाएंगी। नामांकन वापसी के अंतिम दिन बुधवार को 21 अभ्यर्थियों ने अपना पर्चा निकाल लिया है। इसके साथ ही नाम निर्देशन पत्र वापस लेने वाले कुल अभ्यर्थियों की संख्या 23 हो गई है। फार्म निकालने वालों में 19 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं। अब चित्रकूट मे 20 प्रत्याशी, रैगांव में 17, सतना में 30, नागौद में 15, मैहर में 14, अमरपाटन 15 और रामपुर बाघेलान विधानसभा में 23 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

अभ्यर्थियों की संख्या देखें तो चार विधानसभाओं में दो-दो इवीएम लगेंगी। चुनाव प्रक्रिया शुरुआत से जिले की सभी सात विधानसभाओं की स्थिति देखें तो 151 पुरुष और 17 महिलाओं सहित 168 अभ्यर्थियों ने अपने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए थे।

संवीक्षा में 10 पुरुष व 1 महिला सहित कुल 11 अभ्यर्थियों के नामांकन निरस्त होने के बाद मैदान में 157 अभ्यर्थी बचे। अब 19 पुरुष और 4 महिलाओं सहित कुल 23 अभ्यर्थियों ने अपने पर्चे वापस ले लिए। इस तरह चुनाव लडऩे वाले अभ्यर्थियों की कुल संख्या 134 रह गई है।

इन्होंने निकाले पर्चे
चित्रकूट विस से दिनेश पटेल, रैगांव से धीरेंद्र और मुन्नी बाई, सतना विधानसभा से राम सिंह, रमाशंकर, दीपचंद, राजेश सोंधिया और अरुण कुमार सिंह, नागौद से अर्चना सिंह परिहार, मुबारक अली और ठाकुर प्रसाद ने पर्चे वापस लिए हैं। मैहर से ऊषा उरमलिया व ददोलीराम कुशवाहा ने, अमरपाटन से सर्वाधिक 7 लोग सत्येन्द्र चतुर्वेदी, सुखलाल पटेल, शेख जुम्मन, प्रमोद कुमार गौतम, राजेश द्विवेदी, समयलाल साकेत और देवीदीन कोल तथा रामपुर से शुभांगी सिंह, सत्येन्द्र सिंह व सुदामा आर्य ने नामांकन फार्म वापस लिया है।

Published on:
15 Nov 2018 04:46 pm