
सिंगरौली। खुटार गांव के बच्चे, अभिभावक और शिक्षक अभी तक अपने विद्यालय का नाम बताने में शर्म महसूस करते थे। क्योंकि, उनके स्कूल का नाम था -हरामी टोला शासकीय विद्यालय। अब उन्हें अपने स्कूल का नाम बताने में शर्मिंदगी महसूस नहीं होगी। वे गर्व से अपनी पाठशाला का नाम बता सकेंगे। अब यह विद्यालय डॉ. आम्बेडकर स्कूल के नाम से पहचाना जाएगा।
सिंगरौली जिले के जिन माध्यमिक व प्राथमिक स्कूलों के नाम जातिसूचक व अपमानजनक शब्दों में रखे गए थे, जिला प्रशासन ने उन सभी विद्यालयों के नाम परिवर्तित कर दिए हैं। अब ऐसे विद्यालयों को आदर्श स्कूल या डॉ आम्बेडकर विद्यालय के नाम से जाना जाएगा।
शब्दों को परिवर्तित करना जरूरी था
कलेक्टर अनुराग चौधरी ने शनिवार को आम्बेडकर जयंती पर अपमानजनक नाम वाले जिले के 87 प्राथमिक व माध्यमिक शालाआें का नाम बदल कर महापुरुषों के नाम पर रखने की घोषणा की। इस मौके पर कलेक्टर चौधरी ने कहा, जिले में सामाजिक समानता बनाए रखने एवं समाज में फैली जातिगत विषमता को दूर करने शैक्षणिक संस्थानों में जुड़े जातिसूचक शब्दों को परिवर्तित करना जरूरी था। इससे एक नए शिक्षित व सभ्य समाज की स्थापना होगी।
स्कूलों की बदलेगी सूरत
जिन स्कूलों के नाम परिवर्तित किए जा रहे हैं उनका कायाकल्प भी किया जाएगा। स्कूल में गेट, शौचालय, पानी, बिजली आदि की व्यवस्था तीन माह के अंदर कर दी जाएगी। बतौर कलेक्टर, 18 वर्ष से ऊपर की सभी निरक्षर महिलाओं को साक्षर बनाने जिला क्षेत्र में शाम को कक्षाएं लगाई जाएंगी।
हकीकत
- ब्लॉक परिवर्तित स्कूलों की संख्या
- बैढ़न 41
- चितरंगी 21
- देवसर 25
इनके बदले नाम
- प्राथमिक विद्यालय ढोंटी हरिजन से प्राथमिक विद्यालय आम्बेडकर नगर ढोंटी
- यूइजीएस हरिजन बस्ती खटखरी से आदर्श टोला खटखरी
- यूइजीएस गोड़ान टोला जरहा से आजाद नगर जरहा
- प्राथमिक विद्यालय बैगा बस्ती खोखरहवा टोला ओखरावल . खोखरहवा टोला ओखरावल
- यूइजीएस गोड़ान टोला कुम्हिया से आजाद नगर कुम्हिया
- यूइजीएस बसौर टोला रजमिलान से पूर्व टोला रजमिलान
- प्राथमिक शाला कुलिहवा हरिजन बस्ती गड़ेरिया से कुलिहवा गड़ेरिया
- यूइजीएस खैरवारी टोला से नवीन झरिया टोला रौंदी
हमारा मकसद सिर्फ नाम बदलना नहीं है। प्रयास यह है कि जुलाई से पहले जिले के हर विद्यालय में शिक्षा के स्तर को ऊपर लेकर जाएं।
अनुराग चौधरी, कलेक्टर, सिंगरौली