MP News: मध्यप्रदेश के सतना जिले में प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर बाल विवाह रूकवा दिया।
MP News: मध्यप्रदेश के सतना जिले की नागौद तहसील के एक गांव में रहने वाली 16 साल की किशोरी का विवाह उसके परिजन 36 साल के युवक के साथ करवाने की तैयारी में थे। सूचना पर एसडीएम अनिकेत शांडिल्य ने महिला बाल विकास विभाग और पुलिस की टीमों को भेज कर यह बाल विवाह रुकवाया।
नागौद के एक गांव में 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली 16 वर्ष की किशोरी का बाल विवाह रहिकवारा निवासी 36 वर्षीय युवक से करवाए जाने की शिकायत चाइल्ड हेल्प लाइन नंबर 1098 पर दर्ज कराई गई।
सूचना चाइल्ड हेल्प लाइन के जरिए महिला बाल विकास के परियोजना अधिकारी इंद्रभूषण तिवारी को दी गई। उन्होंने एसडीएम अनिकेत शांडिल्य को दी। इसके बाद दोनों थाना क्षेत्र की पुलिस को एसडीएम ने सूचित किया और विवाह रुकवाने का टास्क दिया गया।
नागौद थाना पुलिस रहिकवारा पहुंची और लड़के के परिजनों को बाल विवाह न करने की समझाइश दी साथ ही चेताया कि बाल विवाह करने पर जेल तक जाना पड़ सकता है। जसो थाना पुलिस महिला बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी के साथ किशोरी के घर पहुंची।
किशोरी के यहां विवाह की पूरी तैयारी थी। मंडप भी सजा हुआ था। परियोजना अधिकारी ने पंडित को भी कहा कि अगर आपने शादी करवाई तो आप भी जेल जाओगे। घर में अभिभावक के तौर पर 75 साल के दादा और 70 साल की दादी थी। बाकी किशोरी की दो छोटी बहने और एक छोटा भाई भी है। दादा-दादी से बाल विवाह नहीं करवाने का संकल्प पत्र भरवाया गया। इसके साथ ही विवाह रोक दिया गया है।
नागौद एसडीएम अनिकेत शांडिल्य ने बताया कि एक 16 वर्षीय किशोरी के बाल विवाह की सूचना मिली थी। बाल विवाह रुकवा दिया गया है। लोगों से अपील है कि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिले तो तत्काल टोल फ्री नंबर 1098 पर सूचित करें।
परियोजना अधिकारी ने जब दादा दादी से बात की तो पता चला कि किशोरी के पिता हत्या के मामले में जेल में है। घर में कोई कमाने वाला नहीं है। किशोरी की छोटी बहने जो 13 व 7 साल की है तथा छोटा भाई 11 साल का है उन्हें रेस्क्यू के रूप में वन स्टाप सेंटर लाया गया है। बच्चियों को जबलपुर के लाड़ली बसेरा व बच्चे को कटनी स्थित बाल गृह भेजा जाएगा। किशोरी का 10वीं बोर्ड का पेपर है। वह गांव में रहेगी।