सतना

यूरोप की सबसे ऊंची चोटी पर एमपी की बेटी ने लहराया तिरंगा, रचा इतिहास

MP News: मध्यप्रदेश के मैहर जिले की बेटी ने पूरे देश भर में प्रदेश का नाम रोशन किया है। अंजना ने यूरोप की माउंट एल्ब्रस चोटी पर भारत का तिरंगा लहराया।

2 min read
Jul 28, 2025

MP News: दोनों ओर लिखा हो भारत...सिक्का वही उछाला जाए...तू भी है राणा का वंशज...फेंक जहां तक भाला जाए। कवि वाहिद अली वाहिद ये पंक्तियां मध्यप्रदेश के मैहर जिले की बेटी के लिए सटीक बैठती हैं। ग्राम बेंदुरा कला की अंजना सिंह ने यूरोपीय महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस पर चढ़ाई कर भारत का तिरंगा लहराया।

यूरोप की सबसे ऊंची चोटी पर पहुंची अंजना

अंजना सिंह ने यूरोपीय महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस 5,642 मीटर चोटी की चढ़ाई की। शिखर पर पहुंचकर अंजना ने राष्ट्रगान गाया। अंजना सिंह पटेल ने 18 जुलाई को मैहर से यात्रा शुरु की। जिसके बाद 21 जुलाई को वह दुबई पहुंची। यहां से 22 जुलाई को रूस के लिए रवाना हुईं। फिर से 23 जुलाई को बेस कैंप पहुंची। 24-25 जुलाई से माउंट एल्ब्रस पर चढ़ाई शुरु की, लेकिन अचानक 26 जुलाई को तबियत खराब होने के कारण वहीं रूकना पड़ा। फिर तबियत थोड़ी ठीक लगी तो उन्होंने 26-27 की दरमियानी रात माउंट एल्ब्रस की चढ़ाई शुरु की और सुबह 6 बजे चोटी पर पहुंचकर तिरंगा लहराया।

छोटे किसान हैं पिता

अंजना के पिता राजेश सिंह एक छोटे किसान हैं। कम संसाधनों के बावजूद अंजना ने सफलतापूर्वक चढ़ाई करके अपनी माता-पिता का नाम रोशन किया। उन्होंने सफलता का श्रेय माता-पिता के साथ मार्गदर्शक एडवोकेट शिवेंद्र सिंह बघेल को दिया। अंजना एडवोकेट के साथ ही कोर्ट में प्रैक्टिस करती हैं। उन्होंने रीवा के सरकारी कॉलेज से एलएलबी, एलएलएम और अमरपाटन के कॉलेज से बीएड की पढ़ाई की है।

अफ्रीका समेत कई चोटियों पर चढ़ाई कर चुकी हैं अंजना

हालांकि, अंजना की यह कोई पहली उपलब्धि नहीं है। वह पहले 26 जनवरी 2025 को अफ्रीका की 19 हजार 341 फीट सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारों, मनाली की 15 हजार फीट ऊंची फ्रेंडशिप वैली और लद्दाख सीमा पर स्थित 6,011 फीट ऊंची शिनकुन पर्वत चोटी पर चढ़ाई कर चुकी हैं।

Published on:
28 Jul 2025 05:34 pm
Also Read
View All

अगली खबर