
Electric Wire Accident man dies after wire hits neck, इसी स्थान पर घटना हुई (source- patrika)
Maihar Electric Wire Accident: मध्यप्रदेश के मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां एक 35 वर्षीय युवक की सड़क पर झूल रहे बिजली लाइन के तार की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना विधुई खुर्द गांव की है। युवक मंदिर में भगवान के दर्शन करने के लिए अपने परिवार के साथ जा रहा था लेकिन इसी दौरान रास्ते में टूटे बिजली के तार के गले में फंसने से वो घायल हो गया और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।
विधुई खुर्द गांव में रहने वाले 35 वर्षीय अनिल कुमार पटेल रविवार सुबह अपनी पत्नी और भतीजे के साथ बाइक से रामगढ़ स्थित मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। अभी वे गांव से कुछ दूर ही पहुंचे थे कि सड़क के ऊपर से गुजर रही एलटी बिजली लाइन का तार जंफर से टूटकर नीचे झूल रहा था। अंधेरा और सुबह का समय होने के कारण उन्हें सड़क पर लटका तार दिखाई नहीं दिया। जैसे ही बाइक तार के पास पहुंची तो तार अनिल कुमार के गले में फंस गया। बाइक की तेज रफ्तार के कारण तार का जोरदार झटका लगा और उनके गले में गंभीर चोट आई।
हादसे के बाद अनिल को रीवा ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बाइक पर सवार उनकी पत्नी और भतीजा किसी तरह सुरक्षित बच गए। बताया गया है कि तार के कारण अनिल का गला बुरी तरह कट गया था और ज्यादा खून बहने के कारण उनकी मौत हो गई। अनिल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली लाइन की निगरानी और मरम्मत की जाती तो एक युवक की जान बच सकती थी।
मामले में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि रात के समय किसी भारी वाहन की टक्कर से बिजली पोल अथवा लाइन प्रभावित हुई होगी जिससे जंफर टूट गया और एलटी लाइन नीचे लटक गई। उन्होंने बताया कि तार में करंट नहीं था, क्योंकि जंफर टूटने से विद्युत आपूर्ति स्वतः बंद हो गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही विभागीय कर्मचारियों को मौके पर भेजकर लाइन सुधार का कार्य शुरू करा दिया गया है। ताला थाना पुलिस ने मामले की सूचना मिलने के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
Published on:
21 Jun 2026 09:13 pm
बड़ी खबरें
View Allसतना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
