mp news: भतीजे ने बेहोश कर पहले मौसी से रेप किया फिर गला दबाकर उसकी हत्या की और फिर लाश को पेटी में भरकर जेवरात-कैश लेकर भाग गया था...।
mp news: मध्यप्रदेश के मैहर जिले में दो दिन पहले 31 अगस्त को एक घर में महिला की हरे रंग की लोहे की पेटी में लाश मिली थी। महिला के अंधेकत्ल की गुत्थी का खुलासा करते हुए पुलिस ने महज 48 घंटों के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कोई और नहीं बल्कि मृतिका का भतीजा ही निकला है जिसने रेप करने के बाद हत्या कर लाश को लोहे की पेटी में छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपी के पास से घर से चुराए जेवरात भी बरामद किए हैं।
31 अगस्त को एक शख्स ने 45 साल की अपनी बहन की गुमशुदगी पुलिस में दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और जब महिला के घर पहुंची तो घर का ताला बाहर से बंद था। ताला तोड़कर पुलिस अंदर पहुंची तो घर में रखी लोहे की हरे रंग की पेटी के पास खून के धब्बे नजर आए और कमरे में बदबू आ रही थी। पुलिस ने बक्शे का ताला तोड़कर देखा तो उसमें महिला की खून से लथपथ लाश पड़ी हुई थी। तफ्तीश के दौरान पुलिस को पता चला कि महिला के घर पर उसके भतीजे किशन (22 वर्ष) का अक्सर आना जाना था।
पुलिस ने भतीजे किशन को हिरासत में लेकर उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने चौंका देने वाला खुलासा करते हुए अपना जुर्म कबूल लिया। आरोपी ने बताया कि वो जब 28 अगस्त की रात मौसी के घर पहुंचा तो मौसी नींद में थी। उसने लोहे की रॉड से वार कर पहले तो उसे बेहोश किया और फिर उसके साथ रेप किया। इसके बाद उसने बक्से से सोने-चांदी के जेवर और नगदी चोरी किए। उसे लगा की मौसी उसे पकड़वा देगी इसलिए उसने गला दबाकर मौसी की हत्या कर दी और शव को उसी बक्से में डालकर ऊपर से कपड़े रखकर ताला बंद कर दिया था। घर के दरवाजे पर ताला लगाकर वह अपने गांव भाग गया था जहां चोरी के जेवरात घर के पीछे छिपा दिए थे। पुलिस ने चोरी के जेवरात बरामद कर लिए हैं।