MP News: मध्य प्रदेश के सतना जिले की रैगांव विधानसभा के अंतर्गत आने वाली सोहावल ग्राम पंचायत को नगर परिषद का दर्जा दिलाने के लिए राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने पत्र लिखा है।
MP News: मध्य प्रदेश के सतना जिले की रैगांव विधानसभा में सोहावल ग्राम पंचायत को नगर परिषद का दर्जा दिलाने की कवायद राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने प्रारंभ कर दी है। उन्होंने राज्य शासन को पत्र लिखा है। जिसके आधार पर नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने इसका साध्यता परीक्षण करने के निर्देश जिला स्तर पर दिए है।
राज्यमंत्री ने एसीएस नगरीय विकास को लिखे पत्र में बताया कि सोहावल जनपद मुख्यालय के आस पास का क्षेत्र तीव्र गति से नगरीकरण की ओर अग्रसर है। इसमें सोहावल, सोहौला, बाबूपुर एवं करहीकोठार पंचायत शामिल हैं। इन चारों पंचायतों की संयुक्त जनसंख्या 33000 है। इसमें आवासीय, वाणिज्यिक एवं आधारभूत संरचनाओं का विकास हो रहा है। वर्तमान में ग्रामीण प्रशासनिक व्यवस्था के तहत नागरिक सुविधाओं की पर्याप्त पूर्ति नहीं हो पा रही है।
प्रस्तावित क्षेत्र जिला मुख्यालय से महज 3 किमी की दूर है। वहां सड़क, जलप्रदाय, नाली, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट जैसी नागरिक सेवाओं की आवश्यकता बढ़ रही है। ऐसे में सोहावल पंचायत में सोहौला, बाबूपुर एवं करही कोठार शामिल करते हुए नगर परिषद अथवा नगरपालिका बनाने की कार्यवाही की जाए। मामले में आयुक्त नगरीय प्रशासन से अभिमत मांगा गया है। जिला प्रशासन को यह मामला भेजकर प्रतिवेदन तलब किया गया है।
सोहावल और माधवगढ को नगर निगम की सीमा में शामिल करने की मांग चली आ रही है। ये दोनों क्षेत्र नगर निगम सीमा से लगभग जुड़ चुके हैं। ऐसे में यह मामला कई बार - नगर निगम से लेकर शासन स्तर तक उठ चुका है।