MP News: उधना से भागलपुर जा रही ट्रेन में एक महिला ने बच्चे को जन्म दिया है।
MP News: ट्रेन संख्या 22947 सूरत-भागलपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन में एक महिला ने बच्चे को जन्म दिया है। स्लीपर कोच में यात्रा कर रही महिला को मैहर और सतना के बीच प्रसव पीड़ा शुरु हुई। जिसके बाद ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने मिलकर प्रसव कराया और तुरंत जीआरपी को मामले की जानकारी दी।
ट्रेन संख्या 22947 सूरत-भागलपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन के स्लीपर कोच में यात्रा कर रही 21 वर्षीय राजकुमारी को मैहर और सतना के बीच प्रसव पीड़ा शुरु हो गई। वह अपने पति राजेश के साथ उधना से भागलपुर जा रही थी। अचानक दर्द बढ़ता देख ट्रेन में मौजूद महिला यात्री मदद के लिए आगे आईं। महिला यात्रियों ने चादरों की मदद से परदा बनाकर डिलीवरी कराई। ट्रेन में मौजूद एक यात्री ने सतना जीआरपी को फोन करके जानकारी दी।
सतना स्टेशन पर जीआरपी के द्वारा एंबुलेंस की व्यवस्था कर दी गई थी। जब रविवार को ट्रेन सुबह 4 बजे सतना स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 2 पर पहुंची, तो नवजात और मां और एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया। मां और बच्चा दोनों पूरी तरीके से स्वस्थ हैं।