9 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सतना में शॉर्ट सर्किट की चिंगारी ने 12 एकड़ गेहूं के खेत में मचाई तबाही, लाखों की तैयार फसल राख

MP News : खेतों के ऊपर से 11000 केवी विद्युत लाइन में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे चिंगारी नीचे खड़ी गेहूं की सूखी तैयार फसल पर जा गिरी। फिर, हवा की रफ्तार से फैली आग ने 12 एकड़ के 7 अलग - अलग खेतों में खड़ी फसल को अपनी चपेट में ले लिया।

2 min read
Google source verification
MP News

शॉर्ट सर्किट की चिंगारी से 12 एकड़ खेत में भड़की आग (Photo Source- Patrika)

MP News : एक तरफ जहां मध्य प्रदेश के कई जिलों में जारी बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने संबंधित क्षेत्रों की फसलों को खासा नुकसान पहुंचाया है वहीं दूसरी तरफ सतना जिले के किसानों पर ये नुकसान आग का रूप धारण कर गुजरा है। दरअसल, जिले के उचेहरा इलाके में कुछ खेतों के ऊपर से गुजरी 11 हजार केवी की हाई टेंशन लाइन ने किसानों की साल भर की मेहनत को स्वाहा कर दी। यहां एक साथ कई किसानों की सालभर की मेहनत पर पानी फिर गया है। हादसे ने यहां किसानों की कमर तोड़ दी है।

मंगलवार देर शाम उचेहरा जनपद और नागौद थाना इलाके के पिपरोखर गांव में बिजली के तारों में हुए शॉर्ट सर्किट से अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते कई खेतों को अपनी चपेट में ले लिया। मिली जानकारी के अनुसार, खेतों के ऊपर से 11 हजार केवी विद्युत लाइन में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे चिंगारी नीचे खड़ी गेहूं की सूखी फसल पर जा गिरी, जिसके चलते फसल ने आग पकड़ ली। फिर क्या था हवा की रफ्तार से फैली आग ने 12 एकड़ में स्थित अलग - अलग खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया।

हवा की रफ्तार से फैली आग, 12 एकड़ पर खड़ी फसल स्वाहा

इस घटनाक्रम में सबसे पहली हैरानी की बात ये रही कि, तेज हवा के कारण आग ने चंद मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें देखकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़ पड़े और अपने स्तर पर आग बुझाने की भरसक कोशिश करते रहे, लेकिन आग इतनी भयावह थी कि, किसी तरह काबू में आने का नाम नहीं लिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग 12 एकड़ में स्थित अलग - अलग खेतों में किसानों का भारी नुकसान कर चुकी थी। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और किसानों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

7 किसानों की 12 एकड़ की फसल नष्ट

इस भीषण आगजनी में किसान रामरतन मिश्रा, मनीष सिंह, संजय तिवारी, रामभान तिवारी, रामजी मिश्रा, कन्हैयालाल मिश्रा और रामसेवक वर्मन के खेतों में खड़ी करीब 12 एकड़ से अधिक गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई। किसानों की आंखों के सामने उनकी साल भर की मेहनत धुएं में तब्दील हो गई, जिससे वे पूरी तरह टूट गए।

फिर खड़े हुए सवाल…

इस घटना ने एक बार फिर बिजली लाइनों की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित किसान अब प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगा रहे हैं, ताकि उनकी कुछ भरपाई हो सके और वे दोबारा अपने पैरों पर खड़े हो सकें।